Home India City News राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया विजय दशमी उत्सव

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया विजय दशमी उत्सव

0
rss jaipur
RSS jaipur celebrates vijayadashmi utsav 2014

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजय दशमी पर जयपुर शहर में 25 स्थानों पर कार्यक्रम हुए। इनमें शस्त्रों का पूजन किया गया और पथसंचलन निकाले गए। संचलन में शहर के विभिन्न मार्गों पर घोष की सुमधुर धुनों पर हजारों स्वयंसेवक ने कदम ताल मिलाकर सज्जन शक्ति का प्रदर्शन किया।..

मोती पार्क बापूनगर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि विजय का यह उत्सव है, इसी भाव को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा देश में लंबे समय से विदेशी आक्रांताओं से पीडित रहा जिसके चलते मूल समाज में निराशा का भाव आ गया था। समाज में खोया स्वाभिमान जगाने के लिए डॉ. हेडेगवार ने संघ की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि 89 साल के संघ के काम से समाज में चैतन्यता दिखाई देने लगी है। संघ का हमेशा से एक ही उद्देश्य रहा है कि संगठित समाज के बल पर समर्थ और सशक्त भारत का निर्माण हो। हम देश के सभी राष्ट्रवादी सोच वाले लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं, ताकि परिवर्तन के बाद हमारा देश अग्रिम पंक्ति में खड़ा हो सके। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन से देश में कभी पूर्णता नहीं आ सकती, इसके लिए समाज को जाग्रत रहते हुए सत्ता पर दृष्टि रखनी होगी।

उन्होंने कहा कि संघ ने कभी आपदा विपदा के समय भेद नहीं किया। हमेशा पीडितों की सहायता के लिए सबसे पहले आगे आया। जम्मू- कश्मीर में बाढ़ पीडितों की सहायता के लिए संघ ने कंधे से कंधा मिलाकर जनता की सेवा की।

महानगर प्रचारक नितिन ने कहा कि कृष्ण और शिवाजी की नीति से ही देश का भविष्य उज्जवल है। शिवाजी ने मां- बहनों का सम्मान कर उच्च आदर्श प्रस्तुत किया। जबकि कृष्ण ने हमेशा धर्म का साथ दिया। उन्होंने कहा कि कलियुग में संगठन से ही विश्व का कल्याण होने वाला है।

निम्बार्क नगर में आयोजित कार्यक्रम राजस्थान मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष पुखराज सिरवी ने कहा कि मैंने 42 साल की पुलिस की नौकरी में कभी नहीं देखा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का किसी साम्प्रदायिक दंगो में हाथ हो। उन्होंने कहा कि संघ हिन्दुओं का सबसे बड़ा संगठन है, ऐसा संगठन नहीं होगा तो विश्व में एक बहुत बड़ा वैक्यूम आ जाएगा इसकी भरपाई कोई भी संगठन नही कर पाएगा।

इस अवसर पर वैशाली नगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर मंगेश कुमार ने कहा कि जिस देश में शस्त्र और शास्त्र का पूजन नहीं होता उस देश के लोग पारंगत नहीं हो सकते, संघ के इस विचार से मैं पूर्णतः समहमत हूं।

विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री विनायक राव देशपांडे पुराना विद्याधर नगर में दशहरा मैदान, कुटुंब प्रबोधन के प्रांत प्रमुख राममोहन गर्ग चन्द्र कृपा गार्डन महेश नगर और निम्बाराम सह प्रांत प्रचारक ने मोती पार्क बापूनगर में स्वयंसेवकों को विजय दशमी के अवसर पर संबोधित किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर महानगर संघचालक धनेशचंद गोयल के मुताबिक विजया दशमी के अवसर पर तोपखाना मैदान, गलता दरवाजा, आदर्श विद्यामंदिर जनता कॉलोनी, चन्द्र कृपा गार्डन, 80 फुट रोड़, महेश नगर, मोती पार्क, बापू नगर, सीडलिंग स्कूल के पास महारानी फॉर्म, दुर्गापुरा, अक्षयपात्र के पीछे, महल योजना, सेक्टर 8 महावीर उद्यान मालवीय नगर, दादू दयाल नगर, मुहाना मंडी रोड़, सेक्टर 34-35 का पार्क, किरण पथ मानसरोवर, तलाई के बालाजी, एनबीसी के पीछे, हसनपुरा, नर्सरी पार्क, नर्सरी सर्किल, वैशालीनगर, गिरधारीपुरा, गणेश मैरीज गार्डन, निवारू रोड, आदर्श विद्या मंदिर झोटवाड़ा,कल्याण कुंज विवाह स्थल, बैनाड रोड, मुरली पुरा स्कीम सर्किल, भीमाशंकर महादेव मंदिर,रोड न. 6, विश्वकर्मा, विक्रम सर्किल, शास्त्री नगर और इंदिरा कॉलोनी, नेहरु नगर, बनीपार्क से सुबह 7:30 बजे से शस्त्र पूजन व शारीरिक प्रदर्शन के पश्चात पथ संचलन निकलें।

इसी प्रकार नगर निगम पार्क ब्रह्मपुरी थाने के पास से सुबह 7:15, पोंड्रिक उद्यान, दशहरा मैदान पुराना विद्याधर नगर, अहिंसा पार्क, उदयपथ श्याम नगर,भगतसिंह पार्क सेक्टर 123 थड़ी मार्केट मानसरोवर में सुबह 7:00 बजे शस्त्र पूजन व शारीरिक प्रदर्शन के पश्चात पथ संचलन निकाला गया।

रविवार को निकलेगा राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन

राष्ट्र सेविका समिति जयपुर महानगर की ओर से रविवार को विजय दशमी उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में शस्त्र पूजन, बौद्धिक और पथ संचलन निकाला जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महिलाओं के बीच में काम करने वाली राष्ट्र सेविका समिति की स्थापना भी विजय दशमी के दिन हुई थी।

राष्ट्र सेविका समिति की महानगर कार्यवाहिका विजया नागा ने बताया कि कार्यक्रम रविवार (5 अक्टूबर) को शाम 4:00 बजे से नर्सरी पार्क, नर्सरी सर्किल वैशाली नगर पर होगा। कार्यक्रम की मुख्यवक्ता राष्ट्र सेविका समिति की प्रान्त कार्यवाहिका डॉ. मन्जू शर्मा होगी। मुख्य अतिथि ईटीवी राजस्थान की प्रस्तोता डॉ. अनीता हाडा सांगवान और कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्षा सरोज कुमारी करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here