Home Breaking पुष्य नक्षत्र पर बाजारों में रौनक, जमकर खरीदारी

पुष्य नक्षत्र पर बाजारों में रौनक, जमकर खरीदारी

0
पुष्य नक्षत्र पर बाजारों में रौनक, जमकर खरीदारी

जोधपुर। समृद्धिदायक, चिरस्थायी व शुभ खरीदारी के लिए मंगलदायी पुष्य नक्षत्र पर शुक्रवार को शहर के सभी बाजारों में जोरदार भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार होने के कारण पुष्य नक्षत्र पर अदभुत योग बना, जिस पर बाजारों में आज जमकर धन बरसा।

बाजारों में मशीनरी, वाहन, ज्वैलरी तथा अन्य गृहोपयोगी सामान की खरीदारी के लिए सुबह से भीड़ उमड़ पड़ी। पुष्य नक्षत्र महायोग में खरीदारी के लिए सर्वार्थसिद्धि योग होने से बही खाते सहित अन्य घरेलू उपयोगी सामग्री की जमकर बिक्री हुई।

धनतेरस से पहले आज शुक्रवार को पुष्य नक्षत्र पर मिनी धनतेरस मनाई गई। धनतेरस की तरह ही पुष्य नक्षत्र को भी खरीदारी व मंगल कार्यों के लिए शुभ व श्रेष्ठ कहा गया है। शुक्रवार को पूरे दिन पुष्य नक्षत्र का योग रहा। आज पुष्य नक्षत्र के योग के साथ सर्वार्थसिद्धि योग भी था इसी कारण आज के दिन को शुभ संयोग कहा गया।

पुष्य नक्षत्र पर नई सडक़, घंटाघर, त्रिपोलिया, सोजती गेट, जालोरी गेट, चौपासनी रोड़, सरदारपुरा, रातानाडा, महामंदिर आदि मुख्य बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। शहरवासियों ने अपनी जरूरतों के हिसाब से खरीदारी की। दुकानदारों ने भी पुष्य नक्षत्र को देखते हुए अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सामानों का स्टॉक कर रखा था।

शहर के सभी बाजारों में शुक्रवार को दिनभर रौनक रही। दुकानदारों व विभिन्न कम्पनियों ने उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए कई तरह की स्कीम व छूट दे रखी है। उन्होंनं अपने-अपने प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी फरियों व लाइटों से सजावट की।

पुष्य नक्षत्र में की गई खरीदारी उत्तम, फलवद्र्धक व दीर्घकाल तक उपयोगी मानी गई है। इसी वजह से शुक्रवार को पुष्य महायोग में जमकर खरीदारी की गई। शुभ मुहूर्त में वाहन, सभी तरह की कीमती धातुएं, बहीखाते, जमीन सहित सभी घरेलू साजो-समान की खरीदारी की गई।सबसे अधिक आपाधापी वाहन शो रूमों में मची रही।

दो पहिया व चार पहिया वाहन शो रूमों में उपभोक्ता शुभ मुहुर्त के हिसाब से डिलीवरी लेते दिखाई दिए। इसके अलावा इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रिॉनिक्स आइटमों की दुकानों एवं ज्वैलरी शोरूमों में भी जमकर बिक्री हुई। धनतेरस से पूर्व पुष्य नक्षत्र पर हुई रही बिक्री को देखकर व्यापारियों के चेहरे भी खुशी से खिल पड़े।

इलेक्ट्रीक और इलेक्ट्रोनिक्स आइटमों के साथ ही ज्वैलरी, फर्नीचर, वाहन, बर्तन, कपड़े आदि की दुकानों पर भीड़ रही। बाजार में इन दिनों वाहन कंपनियों द्वारा नकद छूट, एक्सचेंज ऑफर, विभिन्न उपहारों की स्कीमें भी चल रही हैं। बाजार में फाइनेंस भी आसान शर्तों पर दिया जा रहा है। इस कारण वाहनों की अप्रत्याशित बिक्री हुई।