Home Delhi उज्बेकिस्तान की मशहूर बैले डांसर की हत्या का खुलासा

उज्बेकिस्तान की मशहूर बैले डांसर की हत्या का खुलासा

0
उज्बेकिस्तान की मशहूर बैले डांसर की हत्या का खुलासा
uzbekistan belly dancer's murder mystery solved
uzbekistan belly dancer's murder mystery solved
uzbekistan belly dancer’s murder mystery solved

नई दिल्ली। दो माह पूर्व दक्षिणी दिल्ली से लापता हुई उज्बेकिस्तानी की मशहूर बैले डांसर की हत्या कर उसके शव को सोनीपत ले जाकर जला दिया गया था। हत्या  उसके परिचित 30 वर्षीय गगन ने की थी।

बीते 24 सितम्बर को इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस हत्या में शामिल एक अन्य उज्बेकिस्तानी युवती की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह भी जानकारी मिली है कि अभी तक वह भारत में ही है।

उज्बेकिस्तान की रहने वाली 28 वर्षीय शखनोजा उर्फ शहनाज कुछ माह पूर्व भारत आई थी। वह वसंतकुंज स्थित किशगनढ़ इलाके में किराये का मकान लेकर रहती थी। वह इधर-उधर जाने के लिए प्रीतम नामक टैक्सी चालक की गाड़ी मंगवाती थी।

बीते 24 सितम्बर को भी उसने प्रीतम से टैक्सी मंगवाई थी। टैक्सी चालक ने उसे पहाड़गंज के एक होटल से लिया और रात लगभग 10.30 बजे उसे साउथ एक्स में छोड़ा। वहां खड़ी नीली रंग की एक कार में बैठकर वह चली गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

25 सितम्बर को प्रीतम ने शखनोजा से संपर्क किया तो उसकी बात नहीं हो सकी। उसने इसकी जानकारी कोटला मुबारकपुर पुलिस को दी। पुलिस ने 26 सितम्बर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कर ली। इस बारे में जब युवती के परिजनों को पता चला तो उसकी मां, चचेरी बहन एवं एक दोस्त भी दिल्ली आ गए।

उन्होंने पुलिस को शिकायत कर शखनोजा को अगवा किए जाने का शक जताया। उन्होंने इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों से भी संपर्क किया। उन्होंने युवती के कुछ दोस्तों पर शक जताते हुए उनके नाम एवं मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिए।

बीते 8 अक्तूबर को पुलिस ने इस बाबत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने युवती के तमाम दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन उनसे कोई खास जानकारी निकल कर सामने नहीं आई। पुलिस ने इन दोस्तों के ऊपर नजर रखना शुरु किया और 24 एवं 25 सितम्बर को उनकी मौजूदगी के बारे में जानकारी जुटाई। अहब सबूत एकत्रित करने के बाद पुलिस ने ईस्ट ऑफ कैलाश निवासी गगन को बीते रविवार पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पूछताछ में टूट गया गगन

गगन ने बताया कि बीते 24 सितम्बर की रात कार में वह और उज्बेकिस्तानी महिला नाजिया बैठे हुए थे। उन्होंने रात के समय साउथ एक्स से शखनोजा को बिठाया। उसे लेकर वह दिल्ली की सड़कों पर कुछ देर तक घूमते रहे। फिर एकांत जगह मिलने पर उन्होंने गला दबाकर शखनोजा की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह शव को लेकर देर रात समालखां के खेत में पहुंचे वहां शव के पर पेट्रोल डालकर उसे जला दिया था।

शव मिलने की पुष्टि

गगन के खुलासे पर दिल्ली पुलिस ने समालखां पुलिस से सम्पर्क किया। उन्होंने बताया कि बीते 25 सितम्बर की सुबह खेत में अधजली लाश मिली थी। एक किसान ने उन्हें शव देखकर इसके बारे में सूचना दी थी। उन्होंने इस बाबत हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इस जानकारी के बाद पुलिस गगन को लेकर छानबीन के लिए समालखां चली गई।

किसके कहने पर की हत्या?

गिरफ्तार किए गए गगन ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने नाजिया के कहने पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। गगन ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित कैलाश हिल्स इलाके में रहता है। उसने उज्बेकिस्तान की रहने वाली एक महिला से शादी कर रखी है। वह खुद कोई काम नहीं करता। उसने बताया कि शखनोजा और नाजिया दोनों ही उज्बेकिस्तान की रहने वाले थे। दोनों के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी। इसलिए नाजिया ने उसे रुपयों का लालच देकर शखनोजा की हत्या में मदद करने के लिए कहा था। इस साजिश के तहत ही उसने युवती को मिलने के लिए साउथ एक्स बुलाया और फिर हत्या को अंजाम दिया।

पुलिस कराएगी डीएनए टेस्ट

संयुक्त आयुक्त दक्षिणी रेंज आरएस कृष्णैया ने बताया कि गगन ने शखनोजा की हत्या कर उसके शव को समालखां में जलाने का खुलासा किया है। समालखां पुलिस ने भी 25 सितम्बर को अधजली हालत में शव मिलने की पुष्टि की है। डीएनए टेस्ट कराने पर पता चलेगा यह शव शखनोजा का है या नहीं।