Home India City News मध्यप्रदेश में भीषण ठंड के साथ बारिश का कहर

मध्यप्रदेश में भीषण ठंड के साथ बारिश का कहर

0

 

winter rains to boost rabi crop output in madhya pradesh
winter rains to boost rabi crop output in madhya pradesh

भोपाल। मध्यप्रदेश में बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी है। मध्यप्रदेश पहले से ही शीतलहर चलने के कारण भीषण ठंड की चपेट में है और अब बेमौसम के बारिश ने पूरे प्रदेश को ठुठरा दिया है। इसके चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बुधवार को शुरू हुई बारिश अभी तक रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। प्रदेश में इस समय अधिकतम तापमान 15 डिग्री के आसपास, जबकि न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री के बीच बना हुआ है।

शुक्रवार को सुबह से ही घने कोहरे के बीच रुक-रुककर पानी बरसने के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड में इजाफा हुआ है। राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में बुधवार व गुरुवार को दिनभर होती रही बारिश के कारण भी अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 12 एवं 15 डिग्री के आसपास रहा। आज भी कमोबेश यही स्थिति है। सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है।

मध्यप्रदेश में बुधवार को अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ जाने के शुरू हुई बारिश लगातार तीसरे दिन भी जारी है और आगामी दो दिनों तक प्रदेश का मौसम लगभग ऐसा ही बने रहने की संभावना है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के निदेशक डॉ अनुपम काश्यपी ने बताया कि प्रदेश में वर्षों बाद मौसम के मिजाज में इस प्रकार की तब्दीली आई है और आगामी तीन जनवरी तक प्रदेश में बारिश कोहरा और धुंध से अच्छादित मौसम बना रहेगा। इसके बाद फिर से शीतलहर चलने का अनुमान है। इस बीच प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस शिवपुरी में रिकार्ड किया गया है।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में बारिश के साथ ही शीतलहर चलने तथा ग्वालियर, चंबल, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना एवं रीवा में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। राजधानी भोपाल भी बुधवार सुबह से ही बारिश और धुंध की गोद में समाई हुई है और लगातार तीसरे दिन भी बारिश और घने कोहरे के चलते यहां का सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। यहां पिछले चाबीस घंटों में 16.2 और इंदौर में 27.1 मिमी वर्षा हुई है।

गेहूं-चने के लिए लाभदायक है वर्षा

मौसम विभाग के भोपाल के निदेशक एवं मौसम विज्ञानी काश्यपी ने बताया कि यह वर्षा गेंहू एवं चने की फसल के लिये लाभदायक है। पिछले चौबीस घंटों में होशंगाबाद, इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर संभागों में अधिकांश स्थानों पर तथा ग्वालियर एवं चंबल संभागों में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई। इस दौरान भैसदेही में 130 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अठनेर आगर, बुरहानपर, खातेगांव, देवास, कन्नौद एवं सोनकच्छ में 50 मिमी, सैलाना, बैतूल, आष्टा, लटेरी, तराना, खंडवा शाजापुर एवं बड़नगर में 40 मिमी, खरगौन, खाचरौद, अशोकनगर, हटा, सागर, नरसिंहपुर, इच्छावर एवं रायसेन में 30 मिमी तथा कई अन्य स्थानों पर 20 एवं 10 मिमी वर्षा हुई।