पुष्कर जनसभा में जुडी भारी भीड, आधी आबादी के समक्ष नतमस्तक हुए मोदी

विजय सिंह मौर्य

मोदी ने की भागीरथ चौधरी और ज्योति मिर्धा को जिताने की अपील
राजस्थान में अब तक हुई जनसभाओं से अधिक में पुष्कर में जुटी भारी भीड
पुष्कर/अजमेर। लोकसभा चुनाव प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर शुरुआती दो चरण में 19 और 26 अप्रैल को मतदान होना है। दोनों चरणों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में अब धुआंधार प्रचार शुरू हो गया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुष्कर पहुंचे और विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। मोदी ने पुष्कर राज के जयकारे से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने सावित्री माता की जय, के नारे लगाए। पीएम मोदी ने जनसभा में उपस्थित लोगों को बीजेपी स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं दी।

ब्रहमाजी की नगरी पुष्कर आने पर बना ये संयोग

मोदी बोले कि देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है। साल 2024 का ये चुनाव ऐसा ही एक अवसर है। मतदान से पहले ही विपक्ष हार मान चुका है। राजस्थान के अजमेर में मेरे परिवारजनों का उमड़ा ये हुजूम साफ संकेत है कि हम तीसरी बार भी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को ही भाजपा की स्थापना हुई थी, संयोग देखिए कि आज ही मुझे पुष्कर क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला है। ब्रह्माजी तो निर्माता हैं और भाजपा भी नए भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता। कांग्रेस ने ना कभी गरीब की परवाह की और ना ही कभी वंचितों-शोषितों-युवाओं के बारे में सोचा। कांग्रेस के लिए यह कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतनी ही भ्रष्टाचारी पार्टी। जिस तेज रफ्तार से देश का विकास होना चाहिए, वो तेज रफ्तार सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।

कांग्रेस का घोषणा पत्र झूंठ का पुलिंदा

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र को पीएम मोदी ने झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो में मुस्लिम लीग की छाप है। मोदी ने कहा कि INC ने सबकुछ ठेके पर दे दिया। मुस्लिम लीग के उस समय के विचारों को कांग्रेस आज भारत पर आज थोपना चाहती है। मुस्लिम लीग की छाप वाले कांग्रेस के घोषणा पत्र में जो बचा-कुचा हिस्सा था, उस पर वामपंथी हावी हो गए हैंं। आज कांग्रेस के पास न सिद्धांत बचे हैं और न ही नीतियां बची हैं। ऐसा लग रहा है, कांग्रेस सब कुछ ठेके पर दे चुकी है, पूरी कांग्रेस पार्टी को आउट सोर्स कर चुकी है।

मातृशक्ति की बडी संख्या में मौजूदगी, मोदी ने झुक कर किया प्रणाम

सभा में महिलाओं के बडी संख्या में मौजूदगी से गदगद मोदी ने संबोधन के दौरान महिलाओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने मंच पर आते ही सबसे पहले मातृशक्ति की ओर झुक कर प्रणाम किया। मोदी ने कहा कि नीयत सही हो तो नतीजे सही आते हैं। आज गांव की बेटियां ड्रोन उड़ा रही हैं। आज खेल के मैदान में हमारी बेटियां कमाल कर रही हैं। इसरो के बड़े प्रोजेक्ट्स को महिलाएं हैंडल कर रही हैं। सेना में भर्ती हो रही हैं। दुनियां में महिला पायलट्स का सबसे ज्यादा प्रतिशत भारत में हैं। अब हमारा 30 करोड माता बहनों को लखपति दीदी बनाना चाहता हूं।

माताओं और बहनों का सम्मान, और भी बहुत कुछ करेंगे

मोदी ने कहा कि एक समय था जब गरीब माताओं और बहनों को धुएं में खाना पकाना पड़ता था, शौचालय के अभाव में बहनों और बेटियों को अपमानित होना पड़ता था, पानी लाने के लिए कई मील चलकर जाना पड़ता था, गर्भवती महिलाओं को पोशाक और आहार नहीं मिलता था। लेकिन हमारी सरकार इन सभी विषयों पर ध्यान भी दे रही है और जनता को सुविधाएं भी पहुंचा रही है। पहले महिलाओं के नाम पर कोई जमीन नहीं होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिए जाने वाले घर का पंजीकरण महिलाओं के नाम पर किया जा रहा है।

कांग्रेस ने ना गरीब की परवाह की और ना युवाओं की

इसके बाद पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर तंज करते हुए कहा कि हमारे देश में जोड़-तोड़ वाली सरकार चल रही थीं। कांग्रेस के समय में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा का जीना मुश्किल कर दिया था। देश में जागरूक लोगों ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार दी। पीएम मोदी ने विकास की बात पर कहा कि वंदे भारत ट्रेन की रफ्तार से विदेशी भी हैरान हैं। आज भारत समंदर पर बड़े बड़े पुल और पहाड़ों में सुरंगे बनाकर सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो भी नहीं सकता। कांग्रेस ने ना गरीब की परवाह की और युवाओं के बारे में भी नहीं सोचा।

19 अप्रैल और 26 अप्रैल कांग्रेस को सजा देने का दिन

पीएम मोदी ने कहा कि 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को कमल का बटन दबाकर कांग्रेस को सजा देने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने कहा कि अभी तक हमने जो कुछ किया है वह तो ट्रेलर है। देश को बहुत आगे ले जाना है। हमें 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना, और आत्मनिर्भर देश भी बनाना है। संबोधन के दौरान मंच से जैसे ही मोदी ने कहा फिर एक बार तो श्रोता बोल उठे मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार। इन नारों के साथ ही समूचा पांडाल मोदी मोदी से गूंज उठा।

नहीं लुटता गरीबों का पैसा, सीधे खाते में होता है जमा

कांग्रेस को आडे हाथों लेते हुए मोदी ने कहा कि कहा कि मोदी एक सामान्य परिवार से उठ कर यहां तक आया है। मोदी भी आपकी तरह गर्मी में झंडा लगाया करता था, कुर्सियां लगाया करता था। देश के बड़े-बड़े नामदार इस कामदार को गाली देते हैं। देश के आम लोगों को लूटने का यह लोग अपना खानदानी काम समझते हैं। मोदी ने परिवारवादी भ्रष्टाचारियों के दुकान के शटर गिरा दिए हैं। कितने दशकों से हमारे देश में जोड़-तोड़ वाली सरकारें चल रही थीं। गठबंधन की मजबूरियां, अपने-अपने स्वार्थ, इस सबमें देश के हित पीछे छूट गए थे। बीते 10 साल में हमने 30 लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा गरीबों के खाते में सीधे भेजे हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी, तब जो भी पैसा सरकार द्वारा भेजा जाता था वो बीच में ली लुट जाता था। कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं तो गरीबों तक 15 पैसा ही पहुंचता है। तो वो कौन सा पंजा है जो बीच में से रुपया मार लेता है।

कांग्रेस का घमंडिया गठबंधन मोदी से परेशान

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस के समय में गांव-गरीब, किसान मजदूर का जीना मुहाल था। हर दिन अखबारों में या तो घोटालों की खबरें छपती थीं या फिर, आतंकी हमलों की खबरें आती थीं। लेकिन, 2014 से देश में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 10 करोड़ से ज्यादा ऐसे फर्जी लाभार्थी बना रखे थे, जो पैदा नहीं हुए। इन फर्जी लाभार्थियों के नाम पर आपके हक का पैसा सीधे परिवारवाद में जा रहा था। मैंने जांच एजेंसियों को खुली छूट दी है। कांग्रेस का घमंडिया गठबंधन मोदी से परेशान हैं, इसलिए मोदी को गाली देते हैं, लेकिन कांग्रेस के लोग समझ लें, आप जितना कीचड़ उछालोगे उतना ही कमल खिलेगा।

राजस्थान में भाजपा सरकार आते ही मिलने लगी बधाई

मोदी ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में राजस्थान और पूरे देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि राजस्थान की चर्चा सदैव नकारात्मक होती थी। कांग्रेस राज में राजस्थान को लेकर हमेशा पेपर लीक की खबरें आती थी, बेलगाम अपराध की खबरें आती थी, बेटियों और बहनों के साथ अपराध की खबरें आती थी। देश में राजस्थान की चर्चा केवल नकारात्मक कारणों से होने लगी थी, लेकिन जब से भाजपा सत्ता में आई है अब पेपर माफियाओं और अपराधियों पर की जा रही कार्रवाई पर चर्चा हो रही है। राजस्थान में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के 100 दिन के भीतर ही वर्षों से लटकी ईआरसीपी परियोजना पर सहमति बन गई है। ईआरसीपी परियोजना से राजस्थान के एक बड़े क्षेत्र में पानी का संकट खत्म होने जा रहा है। जिस तेज रफ्तार से देश का विकास होना चाहिए वह तेज रफ्तार सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।

घर-घर जाकर कहना मोदी ने प्रणाम भेजा है

राम मंदिर पर पीएम मोदी ने कहा कि राम मन्दिर बना ये शुभ है या नहीं आप बताओ। कांग्रेस ने तो प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले नेताओं को पार्टी से ही निकाल दिया। इस राम नवमी पर अयोध्या को भव्य रूप से सजाया जाएगा। उन्होंने भाजपा की जीत सुनिश्चित कराने में अपार जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि अजमेर में भागीरथ चौधरी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। नागौर में मेरी छोटी बहन ज्योति मिर्धा प्रत्याशी हैं। इन दोनों को दिए वोट मोदी को दिए वोट समझना। राजस्थान में इस बार भी 25 में से 25 सीट भाजपा की झेली में डालनी है।अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने जनसभा में मौजूद लोगों से बडी सहजता से पूछा कि मेरा एक काम करोगे? आप घर-घर जाकर मेरा ये काम करोगे या नहीं? लोगों के हां कहने पर पीएम मोदी ने कहा कि आप घर-घर जाकर सबको कहना मोदी ने प्रणाम भेजा है।

इससे पहले जनसभा को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, अजमेर से उम्मीदवार भागीरथ चौधरी और नागौर से प्रत्याशी ज्योति मिरधा एवं अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।