राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का सैकण्डरी परीक्षा का परिणाम जारी

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कोटा से जारी किया रिजल्ट
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को सैकण्डरी, सैकण्डरी व्यावसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षा 2025 के परिणाम बुधवार को जारी किए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने वीसी के जरिए कोटा से रिजल्ट जारी किया।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा बुधवार को कोटा कलक्ट्रेट से सैकण्डरी, सैकण्डरी व्यावसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षा 2025 के परिणाम वर्चुअल माध्यम से जारी किए गए। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्कूलों की सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का प्रतिफल है। इस अवसर पर श्री दिलावर ने असफल विद्यार्थियों को निराश न होकर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि असफलता, सफलता की पहली सीढ़ी है। किसी भी परीक्षा में असफल होना अंत नहीं है। वह एक नया आरंभ है। निराशा को त्यागें, आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने लक्ष्य की ओर निडर होकर आगे बढ़ें। जीवन में ऎसे अनेक उदाहरण हैं जहां लोग प्रारंभ में असफल हुए लेकिन अपने अथक प्रयासों और समर्पण से देश की सर्वाेच्च सेवाओं में स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थी अपने लक्ष्य को निर्धारित करें, लगातार प्रयास करें और धैर्यपूर्वक आगे बढ़ते रहें। सफलता अवश्य मिलेगी। दिलावर ने बोर्ड प्रशासन, शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी इस सफलता में सहभागी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

बोर्ड प्रशासक महेश चंद्र शर्मा ने बोर्ड कार्यालय से परिणाम जारी करते हुए बताया कि विद्यार्थियों ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत छात्रों की तुलना में अधिक रहा है। ये राज्य के शैक्षिक परिदृश्य के लिए सुखद संकेत है।

प्रशासक शर्मा ने बताया कि माध्यमिक व माध्यमिक व्यावसायिक परीक्षा में कुल 10 लाख 94 हजार 186 परीक्षार्थी पंजीकृत है। इसमें से 10 लाख 71 हजार 460 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। माध्यमिक एवं माध्यमिक व्यावसायिक परीक्षा का परिणाम 93.60 प्रतिशत रहा।

इसमें से छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 93.16 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 94.08 रहा। माध्यमिक एवं माध्यमिक व्यावसायिक परीक्षा में 5 लाख 75 हजार 554 छात्रों में से 2 लाख 69 हजार 141 छात्र और 5 लाख 18 हजार 632 छात्राओं में से 2 लाख 77 हजार 229 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रवेशिका परीक्षा 2025 में कुल 7316 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 7099 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। प्रवेशिका परीक्षा 2025 का परीक्षा परिणाम 83.67 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 82.01 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 85.03 रहा। प्रवेशिका परीक्षा में 3310 छात्रों में से 643 छात्र और 4006 छात्राओं में से 974 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है।

बोर्ड सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, शिक्षकों की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षण तथा बोर्ड के कार्मिकों की सतत मेहनत का परिणाम है। बोर्ड ने परिणामों की समयबद्ध व पारदर्शी घोषणा कर एक बार पुनः देश के अग्रणी शिक्षा बोर्डों में अपनी स्थिति सुदृढ़ की है। इस अवसर पर विशेषाधिकारी नीतू यादव, वित्तीय सलाहकार रश्मि बिस्सा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।