सरकार आने से कार्यकर्ता अहम नहीं पाले : दीया कुमारी

भीलवाड़ा। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भारतीय जनता पार्टी नेताओं को आह्वान किया है कि राज्य में सरकार आने से कार्यकर्ता अहम नहीं पाले बल्कि आमजन की समस्याओं के निराकरण कराने में जुट जाएं।

दीया कुमारी ने गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सत्ता आने के बाद व्यवहार बदल जाता है, ऐसा नहीं होना चाहिए, चाहे अधिकारियों के साथ हो, जनता के साथ हो या आपस के व्यवहार की बात हो। हमें सबसे समान व्यवहार रखना चाहिये। अहम नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी बार-बार यह कहते है कि इस पर हमें कुछ ध्यान देना चाहिए, कुछ बदलना नहीं चाहिए। पहले जैसे जनता की सेवा कर रहे थे, वैसे ही सत्ता में आने के बाद भी सेवा करनी चाहिए। हम यह न सोचे कि अब तो हमारी सरकार आ गई है, अच्छे दिन आ गए हैं। जो मर्जी आए, वह करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं अब तो हमें और भी ज्यादा ध्यान रखना होगा।

दीया कुमारी ने कहा कि हमने पांच साल अच्छा काम किया है। इस संघर्ष के बाद हमें सफलता भी मिली है। अब हमें घमण्ड नहीं करना चाहिए और ऐसा नहीं सोचे कि अब कुछ करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अब जरूरत और ज्यादा है। जनता की बात और काम हम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पर जनता ने राजस्थान में हमारी सरकार बनाई है। अब हम सत्ता में है तो हमारा व्यवहार, हमारी कार्यशैली, हम लोग कैसे क्या कर रहे हैं, इस पर आम लोगों की नजर टिकी है। इसलिये आप एक अच्छा उदाहरण पेश करें। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुये कहा कि कांग्रेस ने आम जनता को प्रताडि़त किया, उनकी मनमानी की, लेकिन अब हमें ऐसा नहीं करना है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, सांसद सुभाष बहेडिय़ा, विट्ठल शंकर अवस्थी, प्रशांत मेवाड़ा, उदयलाल भडाना, राजकुमार आंचलिया के साथ ही जिले भर के कार्यकर्ता मौजूद थे।