जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश की धरती को हरा भरा बनाने के लिए चलाये गये हरियालो राजस्थान वृक्षारोपण महाभियान के तहत इस मानसून में प्रदेश भर में 10 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अभियान के तहत अब तक 54 हजार 900 से अधिक स्थानों पर 50 लाख 87 हजार से अधिक की संख्या में पौधारोपण किया जा चुका है। पिछले साल भी इस अभियान के तहत सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे।
अभियान के सतत् एवं सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार द्वारा हर जिले में आमजन की सहभागिता से एक मातृ वन भी विकसित किया जा रहा है। जनभागीदारी से यह अभियान नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और मरु प्रदेश कहलाने वाला राजस्थान हरे भरे प्रदेश के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ को भी यह अभियान आगे बढ़ा रहा है।
राज्य सरकार ने ’मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत पांच सालों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। राज्य में इस महाअभियान को प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान से समायोजित किया गया है। पौधारोपण के बाद पौधे की निगरानी के लिए ‘हरियालो राजस्थान’ मोबाइल एप्लीकेशन भी विकसित की गई है, जिससे पौधे से वृक्ष बनने तक सार-सम्हाल, उसके स्वास्थ्य और अस्तित्व को पंजीकृत करने, ट्रैक करने के साथ ही उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। पौधे को लगाने से लेकर उन्हें वृक्ष बनने तक सहेजने का संकल्प राजस्थान को एक हरित और समृद्ध भविष्य की ओर ले जाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है।
इस वर्ष अभियान के तहत गत एक अप्रैल से तीन जुलाई तक 50 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं जिनमें मनरेगा में 29 लाख 68 हजार 502, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास में 13 लाख 25 हजार 241, वन विभाग द्वारा 2 लाख 72 हजार 793, जल ग्रहण विभाग एक लाख 43 हजार 78 एवं उद्यान विभाग द्वारा एक लाख 25 हजार 792 पौधे लगाए गए हैं।