राजस्थान में जल से किसान समृद्धि लाने के लिए संकल्पित राज्य सरकार : सुरेश रावत

चूरू। राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने राज्य सरकार को जल से किसान समृद्धि लाने के लिए संकल्पित बताते हुए कहा है कि वह निंरतर कृषक कल्याण के निर्णयों से किसानों के घरों में खुशहाली लाने का काम कर रही है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चूरु जिले के तारानगर क्षेत्र में डीपीआर बनाने के लिए तीन करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है, जिस पर काम चल रहा है तथा अंचल में जल से समृद्धि लाने के लिए प्रयास किए जा रहे है।

रावत ने शनिवार को तारानगर दौरे के दौरान तारानगर मुख्यालय पर वंदे गंगा-जल संरक्षण जन अभियान के तहत विभिन्न जल परियोजनाओं के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा इंदिरा गांधी नहर परियोजना कार्यालय में आयोजित किसान सम्मेलन में शिरकत कर किसानों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के हर वर्ग- हर क्षेत्र- हर नागरिक के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में चल रहे वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान तहत तारानगर क्षेत्र में विभिन्न जल परियोजना का शिलान्यास एवं लोकार्पण से अंचल के किसान समृद्ध होंगे। इससे अंचल के लोगों को कृषि एवं पेयजल कार्यों में बहुत संबल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वंदे गंगा-जल संरक्षण जन अभियान के तहत बड़ी संख्या में वृक्षारोपण करें तथा जल संरचनाओं के विकास के साथ पारंपरिक जल स्रोतों को सहेंजे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय से आरसीपी परियोजना के तहत 17 जिलों को पानी मिलेगा। हमारी सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति के कल्याण के लिए अपनी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इस दौरान इंदिरा गांधी नहर परियोजना कार्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस मौके पद्म भूषण देवेंद्र झाझड़िया ने कहा कि हमारा सपना है कि किसान को पानी कैसे मिले और उसके कृषि एवं दैनिक कार्यों में समृद्धि कैसे आए। हम पानी से जीवन बचा सकते हैं। केंद्र सरकार ने कृषि बजट को एक लाख 27 हजार करोड़ रुपए किया है जो कृषक हित में अभूतर्पूव है। हर घर-हर खेत में पानी पहुंचाने के संकल्प के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

रावत ने मेडिकल कॉलेज में किया पौधरोपण

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शनिवार को चूरू जिला मुख्यालय पर स्थित पीडीयू मेडिकल कॉलेज में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में बढ़ते तापमान पर आवश्यक नियंत्रण के लिए वृक्षारोपण जरूरी है। प्राकृतिक संसाधनों के अधिकतम दोहन से विभिन्न पर्यावरणीय समस्याओं ने जन्म लिया है। इन समस्याओं से निपटने के लिए हमें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय कदम उठाने होंगे। हम पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों को समझें और उनका समुचित निर्वहन करें।

पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प एक पेड़ मां के नाम को हम आगे बढ़ाएं और परिवेश को हरा-भरा बनाएं। पर्यावरणीय परिस्थितियों को मनुष्य के अनुकूल बनाए रखने के लिए हमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए संवेदनशील रहते हुए प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला उप प्रमुख महेंद्र न्यौल, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ एमएम पुकार, बसंत शर्मा, चंद्राराम गुरी आदि ने वृक्षारोपण किया तथा कॉलेज में सफाई कार्मिकों को फल वितरित किए। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ एमएम पुकार ने कॉलेज में व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में जल संसाधन विभाग को 16.50 करोड़ रुपए स्वीकृत