चित्तौड़गढ़ में पति ने पत्नी को गोली मारी, गुस्साए बेटे ने की पिता की हत्या

0

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र में तीन पत्नियों और पति के आपसी झगड़े में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल हाे गई।

पुलिस सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार रात सुवाणिया में गांव हुई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां दो महिलाएं एवं एक पुरुष को घायलावस्था में चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सकों ने एक महिला एवं पुरुष को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरी महिला को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भैरुसिंह का खेड़ा निवासी भगवाना कालबेलिया एवं उसकी पत्नी भोमली के रुप में हुई जबकि घायल महिला भी मृतक की तीसरी पत्नी तारा है।

मामले के अनुसार मृतक भगवाना ने तीन शादियां की और पहली पत्नी भोमली और दूसरी लाडो भैरुसिंह का खेड़ा में ही भोमली के बेटे अनिल के साथ रह रही थी। कुछ समय पहले भगवाना ने तारा से तीसरी शादी की और सुवाणिया गांव के बाहर डेरा लगाकर उसके साथ रहने लगा।

कल रात भोमली, उसका पुत्र अनिल और लाडो के साथ डेरे पर पहुंचे जहां आपसी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। इसके चलते भोमली ने कुल्हाड़ी से तारा के सिर पर वार कर दिया, यह देख भगवाना ने बंदूक उठाकर भोमली पर गोली चला दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए बेटे अनिल ने लाठी से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार करके उसके हत्या का मामला दर्ज कर लिया। लाडो को भी हिरासत में ले लिया गया है जबकि कुल्हाड़ी का वार सिर पर लगने से गंभीर हालत में तारा को उदयपुर भेज दिया गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उच्च अधिकारी भी वहां पहुंच गये हैं।