अजमेर नगर निगम में अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाएंगी द्रौपदीदेवी कोली

अजमेर। राजस्थान में अजमेर नगर निगम में मनोनीत कांग्रेस संगठन की प्रतिपक्ष नेता द्रौपदीदेवी कोली ने कहा है कि वे नगर निगम में अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाएंगी और प्रतिपक्ष नेता के रूप में कार्यों के लिए संकल्पबद्ध रहूंगी।

द्रौपदीदेवी कोली आज अजमेर में अपनी नियुक्ति के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि नगर निगम में जो अधूरे कार्य पड़े हैं उनकी ओर सत्ता पक्ष का ध्यान आकर्षित किया जाएगा और उन्हें पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निगम में अवैध निर्माण पर भी जांच करवाने की मांग उठाई जाएगी। साथ ही शहर की सभी कच्ची बस्तियों को निगम व एडीए के दायरे में लाकर पट्टे दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने हर तीन माह में साधारण सभा का आयोजन करने, पार्षदों को बजट बढ़ाने के साथ साथ स्वायत्त शासन विभाग के जरिए कमेटियों के गठन की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक भवन, खेल मैदान, जनता क्लिनिक, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खुलवाने के भी प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर उन्होंने अपनी नेता प्रतिपक्ष के रूप में नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा तथा आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ का भी आभार प्रकट किया। इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी बुन्देल, बनवारी लाल शर्मा, हेमन्त, कपिल सारस्वत, मनवर खान सहित सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने कहा कि लोकतन्त्र में पक्ष और विपक्ष की अपनी भूमिका होती है। नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष द्रोपदी द्वारा विपक्ष की सशक्त भूमिका निभाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा ऐतिहासिक सौगातें दी गई हैं। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख तक का निःशुल्क उपचार एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का दायरा तथा राशि दोनों में अभूतपूर्व वृद्धि की है। सरकार द्वारा समस्त घोषणाएं लागू की जाएगी। ओपीएस का लाभ मिलना आरम्भ हो गया है। पिछले बजट की घोषणाओं का कार्य धरातल पर नजर आने लगा है। पुष्कर सरोवर में गंदे पानी का जाना रोकने के लिए कार्य आरम्भ हो गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गौ वंश को बारह महिनों का अनुदान दिया जा रहा है। किसानों का कर्जा माफ किया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 19 जिले तथा 2 संभाग बनाए हैं। सरकार ने प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है। भविष्य में भी इसी प्रकार आमजन को केन्द्र में रखकर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुष्कर में विकास प्राधिकरण के गठन की घोषणा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाईयां देगा। पुष्कर की 24 कोसी परिक्रमा मार्ग को विकसित किया जाएगा। सरोवर के 52 घाटों का कायाकल्प होगा। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का शहर बनाया जाएगा। इसमें गौ वंश के लिए उच्च मानकों की गौशाला बनेगी। समस्त मन्दिरों का जीर्णोद्धार होगा। महाआरती की भव्यता उदाहरण बनेगी। पुष्कर पर्यटन और धार्मिक नगरी का मिश्रित रूप होगा।