राजस्थान के भीलवाड़ा में बनेगा विश्व की सबसे बडी रोटी बनाने का रिकार्ड

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में हरिसेवा उदासीन सनातन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज के सानिध्य में रविवार को विश्व की सबसे बड़ी रोटी बनाने का इतिहास रचा जाएगा।

राजस्थानी जनमंच के अध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि रोटी का वजन करीब 151 किलोग्राम होगा। इसे बनाने के लिए राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के 12 ट्रेंड हलवाईयों को बुलाया गया है। रोटी को सेकने के लिए लोहे का तवा भी एक हजार किलोग्राम वजन का होगा। वहीं, बेलन 20 फीट लंबे लोहे के पाइप का तैयार किया है। इसकी मोटाई लगभग 70 एमएम की होगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले जामनगर (गुजरात) का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में करीब 145 किलोग्राम की रोटी बनाने रिकॉर्ड है। ये केवल खास मौके जामनगर में जलाराम बापा की जयंती और दगड़ू सेठ गणपति सार्वजनिक महोत्सव में बनाई जाती है। जलाराम मंदिर की जीर्णाेद्धार कमेटी रोटी बनाती है।

अब इससे बड़ी रोटी भीलवाड़ा में बनाई जाएगी। रोटी को बनाने के लिए शुक्रवार से चूल्हा और तवा बनाने की तैयारी शुरू की गई। आज इस कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोनी ने बताया कि रोटी को लगभग एक हजार से ज्यादा लोगों के लिए प्रसाद के रूप में बनाया जा रहा है। रोटी के साथ पंचकुटे की सब्जी को परोसा जाएगा।