सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में मालदा उत्तर के भारतीय जनता पार्टी सांसद खगेन मुर्मू की आखों के नीचे गंभीर चोटें आई है और उसका सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी हैं।
भाजपा सासंद पर बाढ़ प्रभावित नागराकाटा के दौरे के दौरान हमला किया गया था। डाक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी हालत अभी स्थिर है और चेहरे पर हुये फ्रैक्चर के लिए तत्काल सर्जरी करनी पड़ेगी।
शुरुआती रिपोर्ट में सुझाव दिया गया था कि उन्हें दिल्ली एम्स में भेजा जा सकता है, लेकिन दार्जलिंग के भाजपा सासंद राजू बिष्ट ने स्पष्ट किया कि अभी ऐसी कोई योजना नहीं है।
बिष्ट ने कहा कि खगेन मुर्मू के आंखों के नीचे चोट आई है। अभी सिलीगुड़ी से बाहर उन्हें ले जाने की कोई योजना नहीं है। चिकित्सक उनकी सर्जरी यहां ही कर सकते हैं। इसी हमले में घायल भाजपा विधायक शंकर घोष भी अपना इलाज यहीं अस्पताल में करा रहे हैं। उनकी हालत भी स्थिर है।
हमले के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद दर्ज शिकायतों के आधार पर आठ लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना के जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी न होने पर भाजपा ने तीखी आलोचना की है और धमकी दी है कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उत्तर बंगाल रवाना होने से पहले विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा कि उन पर हमला क्यों किया गया। लोगों की मदद के लिए राजनीतिक दलों का साथ मिलकर काम करना स्वाभाविक है। इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि अभी तक एक भी व्यक्ति की गिरफ्तार नहीं की गयी है।
उन्होंने आगे कहा कि हमले की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिससे अपराधियों की पहचान आसानी से की जा सकती है। मैं शाम तक इंतजार करूंगा और अगर कोई गिरफ्तारी नहीं हुई, तो मैं कलकत्ता उच्च न्यायालय की अवकाशकालीन पीठ का रुख करूंगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस को दोषियों को गिरफ्तार करने का निर्देश देने के बजाय वह सिर्फ़ शांति और स्थिरता की अपील कर रही हैं। खगेन मुर्मू और शंकर घोष से मिलने के बाद मैं अपनी आगे की रणनीति तय करूंगा।