विधायक भरत सिंह के आवास पर मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री गहलोत

कोटा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरूवार सुबह कोटा जिले की सांगोद विधानसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर से मुलाकात करने के लिए उनके गुमानपुरा स्थित आवास पर पहुंचे।

गहलोत गुरुवार सुबह सर्किट हाउस में कोटा के कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं एवं जिले, संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने के बाद सीधे भरत सिंह के गुमानपुरा स्थित आवास भीम निवास पहुंचे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित धारीवाल आदि भी थे।

उल्लेखनीय है कि गहलोत के निमंत्रण पर पूर्व में उनकी कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री रहे भरत सिंह ने बुधवार देर शाम सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और दोनों नेताओं ने बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत की थी। इसी दौरान भरत सिंह ने गहलोत को जयपुर लौटने से पहले अपने आवास पर चाय पर आने का निमंत्रण दिया था जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया।

उसके बाद आज सर्किट हाउस से रवाना होने के बाद गहलोत सीधे भरत सिंह के गुमान स्थित निवास पर पहुंचे और अन्य नेताओं के साथ में सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की और बाद में भरत सिंह से विदाई लेकर शंभूपुरा के लिए रवाना हो गए जहां कोटा का नया हवाई अड्डा बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है।