मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरदार शहर में रामनवमी शोभायात्रा में की शिरकत

चूरू। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को चूरू जिले के सरदारशहर में भव्य रामनवमी शोभायात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर ‌शर्मा ने भव्य झांकियों के दर्शन किए और केसरिया पहने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर रामनवमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने जय श्रीराम के नारे लगाकर भगवा रैली में शामिल हजारों श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन भी किया।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 500 साल बाद यह पहली रामनवमी आई है, जब रामलला अयोध्या में भव्य एवं दिव्य राममंदिर में विराजमान हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस बार भी भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सभी 25 सीटें भारी मतों से जीतेगी और नरेन्द्र मोदी 400 से ज्यादा सीटों के साथ फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।

शोभायात्रा में चूरू लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र झाझड़िया, श्रीविश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, पूर्व विधायक अशोक पींचा सहित गणमान्य एवं प्रबुद्धजन मौजूद थे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने जयपुर स्थित निजी आवास पर चैत्र नवरात्रि के नवम दिवस महानवमी के शुभ अवसर पर कन्या पूजन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि मां भगवती के नवरूपों की आराधना का यह पर्व नारी शक्ति और कन्याओं के सम्मान का भी पर्व है। उन्होंने शक्ति स्वरूपा जगदम्बा का आशीर्वाद प्रदेश के सभी परिवारजनों पर बने रहने की कामना की।