कांग्रेस ने देश को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और आतंकवाद दिया : भजनलाल शर्मा

कोटा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्ष के शासन में देश को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और आतंकवाद दिया। कांग्रेस की नीति और नीयत सही होती तो पार्टी आज इस तरह हाशिये पर नहीं जाती।

शर्मा ने गुरुवार को कोटा में कोटा, बूंदी, झालावाड़ और भीलवाड़ा के भारतीय जनता पार्टी भाजपा कार्यकर्ताओं की क्लस्टर बैठक को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी से लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक पार्टी ने गरीबी हटाओं का नारा दिया, लेकिन गरीबों की दशा सुधारने के लिए कुछ नहीं किया। आज कांग्रेस की स्थिति यह हो गई है कि अपना अस्तित्व बचाने के लिए उसे छोटे-छोटे दलों के साथ उनकी शर्तों पर गठबंधन कर सीटों के लिए याचना करनी पड़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के दो कार्यकाल की चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा कि पहले हर ओर भ्रष्टाचार की गूंज होती थी, आज विकास की बात होती है। पहले आए दिन धमाके और आतंकवादी हमले होते थे, लेकिन अब चारों ओर शांति रहती है।

अपनी सरकार के तीन माह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ 90 दिन में हमने जनता से किए 45 फीसदी वादे पूरे कर दिए हैं। मध्य प्रदेश और हरियाणा से ऐतिहासिक जल समझौते हुए हैं। पेपर लीक करने वालों को धर-दबोचा गया है। गरीब महिलाओं को 450 रूपये में गैस सिलेंडर मिल रहा है। हमने छोटी से अवधि में इतना कुछ कर दिखाया जो कांग्रेस की सरकार पांच साल में नहीं कर सकी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि यह देश के भविष्य का चुनाव है। आने वाले समय में देश के हित में कई बड़े निर्णय होने हैं।