अंग्रेजी सिखाने के नाम पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग, कोचिंग संचालक अरेस्ट

रतलाम। मध्यप्रदेश की रतलाम जिला पुलिस ने अंग्रेजी सिखाने के नाम पर महिलाओं को फंसाने, ब्लैकमेलिंग और धनवसूली के मामले में यहां एक इंग्लिश कोचिंग संचालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम संजय पाेरवाल है, जिस पर दस से ज्यादा महिलाओं को अपना शिकार बनाने और उनसे लाखों रुपए वसूली करने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने आज मीडिया के समक्ष इस ब्लैकमेलर की पूरी कहानी बताई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को एक महिला शिकायतकर्ता पुलिस के पास पंहुची थी, जिसने पुलिस को अपनी व्यथा बताई। उसने बताया कि लगभग 40 वर्षीय आरोपी संजय पोरवाल द्वारा लम्बे समय से उसका शारीरीक शोषण किया जा रहा है और उसके आपत्तिजनक फोटो वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया जा रहा है। बदनामी के डर से इसका कोई भी शिकार पुलिस में रिपोर्ट करने से डरता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लोढा ने एक विशेष टीम गठित कर आरोपी संजय पोरवाल के यहां स्थित कोचिंग क्लास विजन कोचिंग सेन्टर पर छापा मारा। पुलिस को यहां से अलग अलग कम्पनियों के 10 मेमोरी कार्ड, एक पैन ड्राइव, चार यूएसबी डाटा स्टोर, लैपटाप तो मिला ही, साथ ही शराब की बोतलें, महिलाओं के अन्तर्वस्त्र और अन्य कपड़े भी मिले।

लोढ़ा ने बताया कि आरोपी संजय के मोबाइल फोन की गैलरी में ही पुलिस को लगभग साढे चार सौ ऐसे वीडियो मिले हैं, जिन्हें गुप्त कैमरों से शूट किया गया है। आरोपी संजय जिन महिलाओं को अपना शिकार बनाता था, उनका शारीरिक शोषण करने के समय गुप्त कैमरों से उनके विडीयो भी बना लेता था। आरोपी के कब्जे से जब्त मैमोरी कार्ड्स और लैपटाप आदि की जांच होना अभी बाकी है।

लोढा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हुई जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़ित महिलाओं से लाखों रुपयों की वसूली भी कर चुका है। पुलिस के पास पंहुची शिकायतकर्ता से ही वह साढे चार- पांच लाख रुपए वसूल कर चुका है। उसके द्वारा शिकार बनाई गई महिलाओं में अविवाहित युवतियों के साथ विवाहित महिलाएं भी शामिल हैं।

लोढा ने बताया कि आरोपी महिलाओं को शिकार बनाने का काम पिछले लगभग बारह वर्षों से कर रहा है। उसके द्वारा पूर्व में डांस क्लास चलाने की जानकारी भी सामने आई है। डांस क्लास में आने वाली युवतियों और महिलाओं को भी वह अपना शिकार बना लेता था।

संजय पोरवाल शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। अभी तक की जांच में उसके द्वारा किसी नाबालिग लड़की को अपना शिकार बनाए जाने की बात सामने नहीं आई है। यदि आगे जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित धाराएं बढाई जाएंगगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल आरोपी संजय पोरवाल के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।