केंद्रपाड़ा। ओडिशा में केंद्रपाड़ा के राजकनिका के अंग्रेजी माध्यम के एक स्कूल के पांच कर्मचारियों को पिछले दो महीनों में सातवीं कक्षा की लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पट्टामुंडई के उप मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुकांत कुमार पात्रा के मुताबिक गिरफ्तार शिक्षकों में से एक महिला पर जुर्म में मदद करने का आरोप है। आरोपियों की पहचान बिस्वरंजन साहू, रश्मिकांत बिस्वाल, चंदन प्रुस्ती, मिनती बाई (सभी शिक्षक) और रश्मि राणा (गैर-शिक्षक कर्मचारी) के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि तीन शिक्षकों और एक गैर-शिक्षक कर्मचारी ने स्कूल परिसर के अंदर 12 साल की लड़की का बार-बार यौन उत्पीड़न किया और उसे तथा उसके छोटे भाई को धमकाकर चुप रहने को कहा। पीड़िता के बताने पर उनके पिता ने तुरंत राज्य बाल सहायता हेल्पलाइन से संपर्क किया। फिर मामले की सूचना केंद्रपाड़ा की बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को दी गई।
सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष स्वागतिका परिदा के नेतृत्व में चार लोगों की टीम पीड़िता के घर गई और जांच की। टीम में जिला बाल संरक्षण इकाई के सदस्य और बाल सहायता हेल्पलाइन के समन्वयक शामिल थे। सीडब्ल्यूसी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पिता ने शनिवार को राजकनिका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
राजकनिका पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराध बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता का बयान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 180 के तहत दर्ज किया जाएगा और उसे आरोपी के साथ धारा 183 बीएनएसएस के तहत एडीजी-कम-स्पेशल पॉक्सो अदालत के सामने पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता को मदद और सुरक्षा के लिए सीडब्ल्यूसी के सामने भी पेश किया जाएगा।



