हाथरस में रामकथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य की तबीयत बिगड़ी

आगरा। हाथरस में रामकथा कह रहे तुलसी पीठाधीश्वर जगदगुरु रामभद्राचार्य महाराज की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उनको आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

मुख्यमंत्री योगी ने रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी को फोन करके उनका हालचाल जाना। जगदगुरु की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में उनके अनुयायी हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। अनुयायियों के मुताबिक जगदगुरु को बेहतर इलाज के लिए देहरादून एयर एबुंलेंस से ले जाने की तैयारी है।

दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि सीने में दर्द की शिकायत पर उनको यहां लाया गया। उनकी जांच की जा रही है। डॉ. नवनीत शर्मा उनका इलाज कर रहे हैं। कुछ जांच हो चुकी हैं जबकि कुछ की रिपोर्ट आनी बाकी है। शुरुआती जांच में सीने में संक्रमण की बात सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक रामभद्राचार्य महाराज की चार साल पहले बाईपास सर्जरी हो चुकी है। ऐसे में डॉक्टर हर तरह की जांच कर रहे हैं। रामभद्राचार्य महाराज को एयर एंबुलेंस से देहरादून ले जाने की बात भी चल रही है। हालांकि, किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की।

रामभद्राचार्य महाराज की हाथरस के गांव लाढ़पुर में राम कथा चल रही है। विगत 25 जनवरी से शुरू हुई इस कथा का शुक्रवार को आखिरी दिन है। हालांकि, अब वह रामकथा में शमिल नहीं होंगे।