रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव के परिणाम के अनुसार भाजपा गठबंधन नौ सीटों पर और इंडिया गठबंधन ने पांच सीटों पर जीत हासिल की है।
परिणाम के अनुसार भाजपा आठ सीटों पर और उसकी सहयोगी आजसू एक सीट पर तथा इंडिया गठबंधन के झामुमो तीन सीट पर और कांग्रेस दो सीटों पर विजयी रही है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार अर्जुन मुंडा खूंटी से कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से चुनाव हार गए हैं। जबकि गांडेय विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन मुर्मू विजयी रही हैं।
लोकसभा चुनाव के परिणाम के अनुसार राजमहल से झामुमो के विजय हांसदा, दुमका से झामुमो के नलिन सोरेन, गोड्डा से भाजपा के निशिकांत दुबे, चतरा से भाजपा के कालीचरण सिंह, कोडरमा से केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी,गिरिडीह से आजसू के चंद्र प्रकाश चौधरी, धनबाद से भाजपा के ढुल्लू महतो, रांची से भाजपा के संजय सेठ, जमशेदपुर से भाजपा के विद्युत वरण महतो, सिंहभूम से झामुमो की जोबा मांझी, खूंटी से कांग्रेस के कालीचरण मुंडा, लोहरदगा से कांग्रेस के सुदर्शन भगत, पलामू से भाजपा के विष्णु दयाल राम और हजारीबाग से भाजपा के मनीष जायसवाल विजयी रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 11 सीटों पर और उसकी सहयोगी आजसू ने एक सीट पर तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी।
लोकसभा चुनाव परिणाम : उत्तराखंड में पांचों सीटों पर भाजपा की बड़े अन्तर से जीत