लोकसभा चुनाव : कांग्रेस कर रही प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी की जीत के दावे

अजमेर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का धूम धडाका थमने के ऐन पहले बुधवार को अजमेर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी की जीत का दावा किया। कांग्रेस के नेताओं का कहना था कि परिवर्तन की बयार चल रही है। प्रचार के दौरान जनता का उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि वो किसी झांसे और जुमलेबाजी में नहीं आने वाली। कांग्रेस ही विकास और देश को सही दिशा देने वाली पार्टी है। मतदान 26 अप्रेल को होगा।

300 पार और इस बार 400 पार के पीछे कौनसा जादू

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रियदर्शी भटनागर ने कहा कि प्रदेश में प्रथम चरण के चुनाव का माहौल कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रहा है। पहले चरण में झांसे में ना आने वाली जनता को साधने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के अन्य नेताओं ने झूठ का रास्ता पकड लिया। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र से घबराई भाजपा को इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि उन्होंने हमारे घोषणा पत्र में जनता के ध्रुवीकरण, तुष्टीकरण, सोना छीनने, संपत्ति बांटने का शब्द तक पढा हो। भाजपा की तरफ से लगाए जा रहे अनर्गल आरोपों और झूठ पर झूठ बोलने से उनकी हताशा स्पष्टट झलक रही है। भटनागर ने सवाल उठाया कि भाजपा साबित करें कि उसके पास ऐसा कौनसा जादू है कि उसने चुनाव आरंभ होने से पहले ही साल 2019 में 300 पार और इस बार 400 पार सीटों पर जीत का आंकडा तय कर लिया। प्रधानमंत्री मोदी के पास जनता के बीच बोलने को कुछ नहीं है। मोदी को समझ लेना चाहिए कि साल 2019 के चुनाव में जाने से पहले भी 300 पार किए। जनता को भ्रमित करने वालों को इसका परिणाम भोगने के लिए तैयार रहा होगा।

बाहेती को वोटिंग से पहले ही दिख रही रामचंद्र चौधरी की जीत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीगोपाल बाहेती ने पूरे आत्मविश्वास कें साथ कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी की जीत सुनिश्चित है। हमने प्रचार में कोई कमी नहीं छोडी। आम जनता से मिला समर्थन और कांग्रेस कार्यकर्ता के प्रयास से कांग्रेस की डगर पर चल पडी है। चुनाव प्रचार भले ही थम गया हो, पर अब घर घर मिलकर अपनी बात पहुंचाएंगे। कांग्रेस का गारंटी कार्ड जारी होने के बाद से बीजेपी बौखलाई हुई है। पीएम मोदी खुद हताश हैं। पहले चरण में माहौल कांग्रेस के पक्ष में दिख रहा है। इससे बीजेपी के खेमे में हडकंप मचा हुआ है। बाहेती ने सवालिया अंदाज में कहा कि अजमेर से कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी ने अजमेर डेयरी को देश में नंबर दो के मुकाम तक पहुंचाया। भाजपा के भागीरथ बताएं उनके पांच साल का रिकार्ड क्या है। संसद में कितनी बार बोले। खुद मोदी ने भाईयों और बहनों बोलने के सिवा कुछ नहीं किया। कांग्रेस की उप​लब्धियों को जुबां पर लाने में मोदी के मुंह में बर्फ जम जाती है। देश की आजादी की लडाई कांग्रेस ने लडी। राहुल गांधी की दादी, पिता तक शहीद हुए। जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे के बीत गा रहे बीजेपी नेताओं को सनद रहे कि राम मंदिर का ताला कांग्रेस न खुलवाया, पूजा राजीव गांधी ने शुरू करवाई लेकिन भाईचारा कायम रखने के लिए मंदिर नहीं बनवाया। भाजपा क्या राम को लाएगी, राम तो खुद भगवान हैं। राम तो शबरी की झोंपडी और केवट की नाव में मिलते हैं।

शाईनिंग इंडिया के नारे जैसा होगा भाजपा का हाल

महेन्द्र सिंह रलावता ने कहा कि अजमेर में कांग्रेस के प्रति रूझान है। परिवर्तन की बयार चल रही है। हमारे प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी जीतेंगे। याद रखने वाली बात है कि साल 2004 में भाजपा ने शाईनिंग इंडिया का नारा दिया था और जनता ने एक झटके में नकार दिया, मनमोहन सिंह की सरकार बनी। विधानसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर होने के बावजूद वासुदेव देवनानी चुनाव प्रचार कर रहे हैं, लोगों को डरा धमका रहे हैं। बडा सवाल यह है कि क्या अजमेर में पानी आ गया?, सडकें बन गई? प्रदेश में बनी पर्ची की सरकार का भगवान मालिक है। रलावता ने दावा किया कि प्रथम चरण के चुनाव में हम प्रदेश में 12 में 9 सीटें जीतेंगे। फैसला भी जनता दे चुकी है। अजमेर रामचंद्र जीत रहे हैं। अजमेर बेजुबान नहीं रहेगा, अब संसद में अजमेर की आजाव गूंजेगी। आने वाला समय कांग्रेस का होगा।

महिलाओं का मंगलसूत्र तो खुद मोदी ने छीना है

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेत्री द्रोपदी कोली ने कहा कि देश, प्रदेश और निगम तक में भाजपा के राज के बावजूद अजमेर की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। यहां की जनता सब देख रही है। धर्म के नाम पर जीतने का सपना देख रही भाजपा के नेता बताएं कि राम को लाने वाले ये होते कौन होते हैं, राम तो खुद भगवान है। एक तरफ रोजगार के लिए युवा भटक रहे हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान आमजन को राहत देने के लिए लागू की गई योजनाएं सिर्फ कांग्रेस विरोध के चलते खत्म कर दी गई। महिलाओं पर अत्याचार रोकने को लेकर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा। नोटबंदी कर गरीबों को सताया। महिला हितैषी होने की बात करने वाले ये जान लें कि सोना कभी 20 से 24 हजार रुपए तोला में मिल जाता था, अब 75,000 रुपए तोला हो गया। महिलाओं का मंगलसूत्र तो मोदी ने छीना है। मोदी देशवासियों को अपना परिवार बोलते हैं। कभी अपन पत्नी को पत्नी नहीं बोलते। उसकी महिला की पीडा किसी ने नहीं सुनी। संस्कारवान होने के कारण वह चुप रहती है। कोली ने कहा कि अजमेर जिले की जनता सोच समझ कर वोट करेगी। गुमराह करने वालों और हाहाकार से भ्रमित नहीं होने वाली है। कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी जैसे कर्मठ और जुझारू की जीत होगी।

कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी का मसूदा विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क