मध्यप्रदेश के भिंड में गैंगरेप पीड़िता का अधजला शव बरामद

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र स्थित दंदरौआ धाम रोड पर एक अधजला महिला का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कर ली है। मृतिका दुष्कर्म पीड़िता है। उसने जिले के मेहगांव थाने में चार लोगों पर दुष्कर्म आरोप लगाया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले की एक महिला ने पिछले दिनों चार लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। सभी आरोपियों को पुलिस ने पकडकर न्यायालय में पेश किया गया था जहां से सभी को भिण्ड जेल भेज दिया था। इसके बाद पीड़िता अपनी ससुराल में रह रही थी।

तीन मई की रात महिला अपने घर से अचानक गायब हो गई। ससुरालवालों ने जब बहू को गायब पाया तो पुलिस थाने पहुंचकर गुमशुदगी का आवेदन दिया था। कल सुबह एक महिला का अधजला शव पड़े होने की सूचना मौ थाना पुलिस को ग्रामीणों द्वारा दी गई।

पुलिस ने बताया कि महिला का शव जब्त कर शिनाख्त के लिए शव विच्छेदन गृह में रखवाया। इसके बाद मौ पुलिस ने आस पास एरिया में 48 घंटे के अंदर गायब होने वाली महिलाओं की जानकारी जुटाई। इस पर मेहगांव कस्बे से गुम होने की जानकारी मिली। इस पर मौ पुलिस ने मृतका के ससुरालवालों से महिला की शिनाख्त कराई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर बेटी को प्रताड़ित कर हत्या का आरोप लगाया है।