‘नहीं सहेगा राजस्थान’ बन चुका है जन-जन की आवाज : सीपी जोशी

कोटा। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कुशासन और जन विरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा द्वारा शुरू किया गया नहीं सहेगा राजस्थान अभियान अब जन-जन की आवाज बन चुका है।

जोशी रविवार को यहां अभियान के तहत संभागीय बैठक को संबोधित करने के बाद प्रेसवार्ता में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में दलित, आदिवासी, महिला अत्याचार एवं तुष्टिकरण चरम पर है। नेशनल क्राईम रिकॉर्ड ब्यूरों के आंकडों के अनुसार महिला दुष्कर्म में राजस्थान शीर्ष पर पहुंच गया है।

उन्होंने का कहा कि राजस्थान में महिला और युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने महंगाई को नियंत्रित करने का वादा किया, लेकिन साढ़े चार वर्षों महंगा पेट्रोल डीजल, महंगा वाहन टैक्स, महंगी बिजली से जनता को परेशान किया है। जोशी ने दावा करते हुए कहा कुछ समय बाद भाजपा की सरकार आने वाली है पेपर चोरी करने वालों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोटा संभाग के एक विधायक पत्र लिखते लिखते थक चुके हैं, अब उन्होंने यह पत्र लिख दिया कि मेरी सुनवाई नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री स्वयं दुष्कर्म के 65 प्रतिशत मामले फर्जी बताकर अपराधियों का हौसला बढ़ाने का काम कर रहे है वहीं महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को आईना दिखाने वाले मंत्री को रातों रात हटा दिया जाता है।