Home India City News उज्जैन : भीषण दुर्घटना में 5 की मौत, 11 गंभीर घायल

उज्जैन : भीषण दुर्घटना में 5 की मौत, 11 गंभीर घायल

0
उज्जैन : भीषण दुर्घटना में 5 की मौत, 11 गंभीर घायल
5 killed, 11 seriously injured in road accident in ujjain
5 killed, 11 seriously injured in road accident in ujjain

उज्जैन। उन्हेल मालीखेड़ा फंटे पर शनिवार-रविवार दरमियानी रात मैजिक और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में दो मासूम बच्चों सहित पांच की मौत हो गई। वहीं, 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए उन्हेल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों में तीन का पोस्टमार्टम उन्हेल वहीं दो लोगाें का पोस्टमार्टम उज्जैन जिला चिकित्सालय में किया गया।

उन्हेल थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार दरमियानी रात ग्राम मालीखेड़ी में रहने वाले एक परिवार के सदस्य उन्हेल में मेला देखने आए थे। जहां से मैजिक क्रमांक एमपी-13 टीए 3052 में सवार होकर पुन: घर लौट रहे थे।

मालीखेड़ा फंटे पर पीछे से तेज रफ्तार में आई कार क्रमांक एमपी-13 सी 2456 ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों वाहन पलटी खा गए। इस हादसे में मोना पति गोपाल 22 वर्ष, इंदिरा पति रतन 22 वर्ष, वर्षा पिता गोपाल 2 वर्ष, महेश पिता रतनलाल 1 वर्ष और दिलीप पिता मोहनलाल 10 वर्ष की मौत हो गई।

वहीं ,9 महिलाएं और 2 पुरुष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ घायलों को उपचार के लिए उन्हेल स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया वहीं कुछ अन्य का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई थी। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए उन्हेल शासकीय अस्पताल भेजा गया।

वहीं, दो अन्य घायलों की मौत जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान हो गई। इस भीषण दुर्घटना में जोरदार धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए जिन्होंने घायलों को पलटे वाहनों से निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी बचाव और राहत कार्य के लिए पहुंच गई थी।

घायलों को एम्बुलेंस और ग्रामीणों की मदद से तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कार का चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग निकला था। दुर्घटना में मासूमों के साथ दो महिलाओं की मौत के बाद मालीखेड़ा में मातम छा गया।

रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पांचों शवों का अंतिम संस्कार के लिए मालीखेड़ा लाया गया जहां लोगों की आंखें उन्हें देख नम हो गईं। वहीं, उन्हेल मालीखेड़ा फंटे पर हुए भीषण हादसे के बाद मृतकों के परिवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

वहीं, 11 से अधिक घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। दुर्घटना की जानकारी विधायक सतीश मालवीय ने मुख्यमंत्री को दी थी।