Home Haryana Ambala रामपाल के बैतूल आश्रम पहुंची हरियाणा पुलिस

रामपाल के बैतूल आश्रम पहुंची हरियाणा पुलिस

0
 ashram of cult leader rampal in  betul
haryana police reached Madhya Pradesh to search the ashram of cult leader rampal in betul

बैतूल। हरियाणा में बाबा रामपाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में मध्य प्रदेश जिले के बैतूल आश्रम में कथित तौर पर कमांडो ट्रेनिंग का खुलासा होने के बाद हिसार की पुलिस ने आश्रम में दस्तक दे दी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को हरियाणा पुलिस की टीम ने बैतूल कोतवाली एवं सशस्त्र पुलिस बल के साथ उड़दन स्थित निर्माणाधीन आश्रम में पहुंचकर जांच पड़ताल की। हरियाणा पुलिस उड़दन आश्रम की भूमि के दस्तावेज की भी जानकारी जुटा रही है।

रामपाल के आश्रम के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 69 पर स्थित उड़दन ग्राम में करीब 70 एकड़ जमीन खरीदी गई थी। प्रस्तावित आश्रम परिसर में 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता के शेड का निर्माण अंतिम चरण में है। परिसर में दो तालाब निर्मित हैं। साथ ही पक्के भवनों का निर्माण किया जा रहा है।

हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश पर हुई गिरफ्तारी के बाद रामपाल ने पूछताछ में उड़दन आश्रम के संबंध में सनसनीखेज जानकारी पुलिस को दी। सूत्रों के मुताबिक रामपाल ने हरियाणा पुलिस से पूछताछ में कहा है कि बैतूल आश्रम में कमांडो ट्रेनिंग दी जाती थी। इसके बाद हरियाणा पुलिस के उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) राजपाल सिंह के नेतृत्व में एक दल आश्रम की जांच करने बैतूल पहुंचा।

हरियाणा पुलिस के पुलिस उप निरीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि आश्रम की जांच की जा रही है। बैतूल कोतवाली के प्रभारी पंकज त्यागी ने हरियाणा पुलिस के आने की पुष्टि करते हुए बताया है कि बैतूल पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रही है। वहीं आश्रम पर भी पुलिस की नजर है।