Home Blog Page 1697

9 साल लंबे अफयेर के बाद टीवी की ‘पार्वती’ ने ब्वॉयफ्रेंड से की सगाई

 

सबगुरु न्यूज। ‘तुझ संग प्रीत लगाई सजना’ और ‘देवों के देव महादेव’ जैसे सीरियल्स में काम कर चुकी पूजा ने बॉयफ्रेंड कुणाल वर्मा से की सगाई।

पीएम मोदी के आने से पहले उदयपुर में शिलान्यासों की बाढ़, रूठों को मनाने का भी दौर

पूर्व सांसद भानुकुमार शास्त्री से बतियाते यूडीएच मिनिस्टर श्रीचंद कृपलानी

सबगुरु न्यूज उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 29 अगस्त को प्रस्तावित उदयपुर आगमन से शहर में मानो विकास कार्यों को अचानक ऊर्जा मिल गई है। गुरुवार का दिन तो मानो लोकार्पण और शिलान्यासों का दिन हो गया। इतना ही नहीं, रूठों को मनाने का भी दौर नजर आया। एक कार्यक्रम में राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबंचद कटारिया के विरोधी माने जाने वाले पूर्व सांसद भानुकुमार शास्त्री भी अतिथि के रूप में नजर आए।

उदयपुर के सेवा भारती चिकित्सालय में 50 बिस्तर का महिला रोग विभाग शीघ्र 

 

सबगुरु न्यूज़ उदयपुर। सेवा भारती चिकित्सालय की छह माही बैठक का आयोजन गुरुवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक दुर्गादास के सानिध्य में हुआ।
बैठक में सेवा भारती चिकित्सालय में सेवा दे रहे चिकित्सक, सहयोगी, दानदाता, उदयपुर क्षेत्र के व्यवसायी, भारत विकास परिषद्, सेवा भारती, लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी तथा सेवा भारती चिकित्सालय से प्रारम्भ से जुड़े निशुल्क सेवाएं दे रहे डाॅ.एल.एन. श्रीमाली तथा डाॅ. वल्लभ पारीख उपस्थित थे।
सेवा भारती चिकित्सालय के प्रबंधक यशवंत पालीवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन रखते हुए बताया कि इस चिकित्सालय में 9 चिकित्सक नियमित सेवा दे रहे हैं। महिला, सामान्य चिकित्सा तथा दन्त संबंधी नियमित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि सेवा भारती चिकित्सालय का निर्माण 4 चरण में होना है जिसमें से 2 चरण पूर्ण हो चुके हैं तथा तृतीय चरण के तहत पुरुष रोग निदान विभाग का निर्माण अगले माह से प्रारम्भ होगा। अब तक सेवा भारती चिकित्सालय से 168 निःशुल्क रोग निदान शिविर से 88 हजार से ज्यादा रोगी लाभार्थी हुए हैं तथा 40 हजार से अधिक एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति से रोगी लाभार्थी हुए हैं।

50 बिस्तर का महिला रोग विभाग प्रारम्भ होगा

यशवंत पालीवाल ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि 63 सरकारी विद्यालय के 7 हजार के लगभग छात्र-छात्राओं की निशुल्क जांच अब तक की जा चुकी है। शीघ्र ही 50 बिस्तर का महिला रोग विभाग भी प्रारम्भ होगा तथा नियमित महिला रोग चिकित्सक की सेवाएं आम जन को उपलब्ध करवाएंगे।
सेवा कार्य के तहत गिर्वा तहसील के 180 गांव में आरोग्य मित्र बनाने का महत्वपूर्ण कार्य प्रारम्भ हो चुका है जिससे ये गांव आरोग्य के प्रति जागरूक हो रोग मुक्त हो सकें। आगामी योजनाओं में तहसील केंद्र पर शीघ्र मासिक रोग निदान शिविर तथा पंचकर्म विधि शीघ्र प्रारम्भ होंगे, उदयपुर शहर की 7 तथा 33 वृहद बस्तियों में सेवा कार्य हो रहे हैं।

निशुल्क चिकित्सा शिविर से लाभार्थियों की संख्या 88000 से ज्यादा

‘सेवा है यज्ञकुण्ड, समिधा बन हम जलें’

इस मौके पर सेवा भारती चिकित्सालय के मार्गदर्शक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक दुर्गादास ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि सेवा यज्ञकुण्ड की तरह है। हम सभी को समिधा की तरह इसमें अपना सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि एलोपैथी चिकित्सा पद्धति रोग निदान का एक विकल्प है। भारत में अनादिकाल से आयुर्वेदिक, एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर आदि अन्य चिकित्सा पद्धतियां भी कारगर हैं।

इन पद्धतियों से प्रभावी तरीके से सेवा भारती चिकित्सालय में रोग निदान का अनूठा प्रयोग हो रहा है जो एलोपैथी से संभव नहीं है। सेवा भारती चिकित्सालय रोगी तक पहुंच कर सेवा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी एवं जनजाति क्षेत्र में चिकित्सकीय प्रलोभन एवं चमत्कार के षड्यंत्र से क्षेत्र की भोली व गरीब जनता को बचाने का महत्वपूर्ण कार्य सेवा भारती चिकित्सालय कर रहा है।

संस्कार भारती की कृष्ण बनो प्रतियोगिता : बच्चे बच्चे में नजर आए कान्हा

सबगुरु न्यूज़ उदयपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रंगमंच साहित्य संगीत और ललित कलाओं को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की उदयपुर इकाई की ओर से कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता एवं नृत्य संध्या का आयोजन उदयपुर के फाइव स्टार गार्डन में किया गया। विभिन्न विद्यालयों के 150 नन्हें-मुन्नों की मधुर मंगल प्रस्तुतियों से उपस्थित जन परिजन आनंद विभोर हो गए।

उदयपुर : मादड़ी अण्डरपास शुरू, 25 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात  

सबगुरु न्यूज़ उदयपुर। उदयपुर शहर और कानपुर-मादड़ी के बीच की राह अब सुगम हो गई है। अब तक लोगों को बाइपास पार करके जाना पड़ता था जिसमें भारी वाहनों और लगातार जाम के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। अब यहां अण्डरपास बन जाने से राहत मिल गई है।

25 करोड़ के कार्यों की भी रखी आधारशिला

इस अण्डरपास का लोकार्पण गुरुवार शाम राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया एवं नगरीय विकास मंत्री श्रीचन्द कृपलानी ने किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रतापनगर-बलीचा बाइपास चौड़ा करने के कार्य का शुभारंभ करते हुए शहर को 25 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि शहर के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। राज्य एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहर के विकास के लिए लगभग 5 हजार करोड़ की बड़ी धनराशि प्राप्त हुई है। शहरवासियों का कर्तव्य है कि वे स्मार्ट सिटी के अनुरूप अपना आचरण कर पर्यटन नगरी को विश्व मानचित्र पर पहले पायदान पर रखने में अपना योगदान दें।
कटारिया ने कहा कि मेवाड़ क्षेत्र में सड़क एवं रेल से जुड़े विकास कार्यों के लिए केन्द्र सरकार से काफी पैसा प्राप्त हुआ है, जिसमें उदयपुर-अहमदाबाद ब्राॅडगेज, मावली-मारवाड़ जंक्शन ब्राॅडगेज, उदयपुर स्टेशन का आधुनिकीकरण, ईएसआई हॉस्पीटल का निर्माण, नई मण्डी का निर्माण एवं स्मार्ट व अमृत सिटी योजना जैसे कार्य शामिल हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए नगरीय विकास मंत्री श्रीचन्द कृपलानी ने कहा कि मादड़ी अंडरपास बनने से क्षेत्र के लोगों को ट्रैफिक की समस्या से निजात मिली है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से भी मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य की 151 नगर पालिकाओं में शहरी गौरवपथ निर्माण के लिए ढाई-ढाई करोड़ का प्रावधान कर छोटे शहरों को भी खूबसूरत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 6 लाख से अधिक एलईडी लाइट्स लगाकर लगभग 144 करोड़ की बिजली की बचत की गई है।
अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से शहरी गरीबों को बहुत कम लागत में भोजन व नाश्ते की योजना जल्द ही सभी शहरों में प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री जन आवास एवं मुख्यमंत्री जन आवास योजना को सम्मिलित कर किसी भी गरीब को स्वयं को छत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इसके तहत साढ़े 10 लाख मकान बनाए जाना प्रस्तावित है।
यूआईटी अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली ने बताया कि मादड़ी अंडरपास के निर्माण पर 5.04 करोड़ की लागत आई है। एकलिंगपुरा चैराहे पर बनने वाले अंडरपास पर 6.46 करोड़ रुपये व्यय होंगे तथा प्रतापनगर से बलीचा तक साढ़े 11 किमी लम्बाई के बाइपास को 15 फीट चौड़ा किया जाना है जिस पर 13.62 करोड़ की लागत आएगी।

कटारिया विरोधी शास्त्री भी आए नजर

समारोह में पूर्व सांसद भानुकुमार शास्त्री की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। शास्त्री को कटारिया विरोधी गुट से माना जाता रहा है, लेकिन कृपलानी उनके काफी करीब हैं। कृपलानी ने उनसे काफी देर बातचीत भी की। इस मौके पर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, यूआईटी अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीेमाली, नगर निगम महापौर चन्द्रसिंह कोठारी तथा यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता भी मौजूद थे।