Home India City News गांवों में बढ़ी हैं संघ की शाखाएं : डॉ. कृष्णगोपाल

गांवों में बढ़ी हैं संघ की शाखाएं : डॉ. कृष्णगोपाल

0
गांवों में बढ़ी हैं संघ की शाखाएं : डॉ. कृष्णगोपाल

rss
नागौर। देश में संघ की शाखाओं के कम होने के आलोचकों के दावों को दरकिनार करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ कृष्णगोपाल ने शुक्रवार को यहां पत्रकार वार्ता में बताया कि देशभर में संघ की शाखाओं में वृद्धि हुई है। शहरो में ही नहीं वरन गांवों में भी शाखाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल करीब 90 प्रतिशत ब्लॉकों में शाखाएं संचालित हैं।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि गांवों में 50 हजार से अधिक शाखाएं संचालित हैं। एक साल में साढ़े पांच हजार शाखाओं की बढ़ोतरी हुई है। गत एक वर्ष में ही पांच हजार 524 शाखाएं और 925 साप्ताहिक मिलन बढ़े हैं। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि 2012 में 40 हजार 922 शाखाएं थी, जो 2015 में बढ़कर 51 हजार 335 हो गई। इन तीन वर्षों में 10 हजार 413 शाखाएं बढ़ी हैं।

वर्ष 2016 में अब तक पांच हजार 524 शाखाओं की बढ़ोतरी हुई है और वर्तमान में 56 हजार 859 शाखाएं संचालित हैं। उन्होंने बताया कि देश के कुल 840 जिलों में से 820 में संघ कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि दो हजार 594 नगरों में से दो हजार 406 में संघ का कार्य है। पिछले वर्ष संघ के विभिन्न शिक्षा वर्गों में एक लाख 37 हजार 351 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

उन्होंने प्रतिनिधि सभा के संदर्भ में बताया कि इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा होगी और सभा की सहमति से यह प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। शिक्षा में निजीकरण, महंगी शिक्षा को रोकने, प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा में गुणात्मक स्तर में सुधार, महंगी स्वास्थ्य सेवा का प्रभाव, आमजन की स्वास्थ्य रक्षा, स्वास्थ्य सेवा को सस्ता करने व सामाजिक विषमता के दूर कर जाति गत भेदभाव मूलक विषय पर चिंतन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गणवेश के बदलाव को लेकर चर्चा होगी।