Home India City News राजे ने गिनाईं उपलब्धियां, कांग्रेस ने मनाया काला दिवस

राजे ने गिनाईं उपलब्धियां, कांग्रेस ने मनाया काला दिवस

0

vasundhara raje govt grand celebrations for completes one year, congress claims of good governance

vasundhara raje govt grand celebrations for completes one year, congress claims of good governance

जयपुर। वसुंधरा राजे सरकार के एक साल पूरा होने पर राजधानी के जनपथ पर मनाए गए जश्न के जवाब में कांग्रेस ने शनिवार को काला दिवस मनाया। कांग्रेस ने जिला मुख्यालयों पर धरना देकर राजे सरकार की विफलताएं गिनाईं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने जयपुर में धरना प्रदर्शन में भाग लिया वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अपने गृह जिले जोधपुर पहुंचकर धरने पर बैठे।

भाजपा ने कांग्रेस के धरने पर जमकर कटाक्ष किए। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को ध्वस्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की रफ्तार बढ़ी है, इसे कुछ नेता सहन नहीं कर पा रहे हैं। वे बेरोजगार हो गए हैं, इसलिए धरना प्रदर्शन करने लगे हैं।

जनपथ पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया। जिस पार्टी ने 53 साल का हिसाब जनता को नहीं दिया है, वह हमसे पूछते है क्या किया? हमनें तो जनता के सामने एक साल का लेखा जोखा रख दिया है।

गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहती है, इसलिए कांग्रेस की इतनी दुर्गती की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार, कुशासन का बोलबाला था। कांग्रेस देश की सीमाएं देश द्रोहियों के खोल रखी थी।

आज पेट्रोल और डीजल के दामों कमी हुई है, महंगाई कम हो गई है। कांग्रेस के राज में गरीब के घर में शादी- ब्याह में काम में आने वाली चांदी 42 हजार रुपए प्रति किलो थी जो भाजपा की सरकार बनने के बाद 32 हजार रूपए और 32 हजार से 25 हजार रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गई। कांग्रेस गिरते गिरते कहां तक गिरेगी यह कहा नहीं जा सकता।

उधर, जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार को सत्ता सम्भाले एक साल हो गया, लेकिन सरकार के पास गिनाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है। अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अब चुनाव आचार संहिता और काम के लिए मात्र 151 दिन का समय मिलने का बहाना किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने चुनाव से पहले लोगों को लुभाने वाले वादे किए। इन वादों को पूरा करना तो दूर, लेकिन इस सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय लागू की गई कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी कैंची चलाने का काम किया है। प्रदेश में शांति व कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। राज्य की मुख्यमंत्री महिला है, लेकिन महिला के राज में भी प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित नहीं है।

जयपुर में पायलट ने कहा कि अपराध के आंकड़ों पर जब नजर पड़ती है तो यकीन नहीं होता कि प्रदेश में ऐसी भयावह स्थिति हो सकती है। परन्तु जब आमजनता के बीच में जाते हैं तो आंकड़ों से ज्यादा जनता की दुर्दशा का आभास होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस शासन ने जनता के हर वर्ग के साथ वादा खिलाफी की है तथा आमजन की सुरक्षा के साथ समझौता करते हुए अपने हितों को साधने का काम किया है। आज जश्न के लिए भीड़ का इंतजाम करने का जिम्मा राजस्थान के प्रशासन पर है जबकि भाजपा इसे स्वप्रेरित बता रही है।

उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि भाजपा सरकार सादगी से अपनी वर्षगांठ को मनाते हुए त्रस्त जनता को राहत देने के फैसलों को लागू करने का काम करती तथा उनके विकास के कार्यों की रूपरेखा बनाती। उन्होंने कहा कि आज सरकार को प्रमुखता के साथ विश्वास दिलाना चाहिए कि प्रतिदिन होने वाले महिला शोषण से प्रदेश की महिलाओं को मुक्ति दिलवाने व उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे तथा जनता को भविष्य में किसी नए कर के बोझ के तले नहीं दबाया जाएगा।