भाजपा सरकार ने कांग्रेस की योजनाओं को बंद करने के सिवाय कुछ नहीं किया : डोटासरा

श्रीगंगानगर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी पर मोदी-मोदी और श्रीराम मंदिर के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में उसकी भजनलाल सरकार ने एक महीना बीतने पर भी कांग्रेस सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना सहित 800 योजनाओं एवं कामों को बंद करने के सिवाय कुछ नहीं किया हैं।

डोटासरा आज यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले राजस्थान की जनता को भ्रमित किया और अब वह लोकसभा चुनाव के लिए पूरे देश की जनता को मोदी-मोदी और श्रीराम मंदिर के नाम पर गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बने लगभग एक महीना हो गया। इस एक महीने में भाजपा ने कुछ नहीं किया।

पहले तो मुख्यमंत्री तय करने में कई दिन लगा दिए। फिर मंत्रिमंडल गठित करने में भी कई दिन लगाए। अभी तक पता नहीं कि कौन से मंत्री को कौन सा मंत्रालय मिलेगा। बिना मंत्रालय मिले ही मंत्रियों ने कार्यभार संभालने भी शुरू कर दिए। इससे ज्यादा हास्यास्पद बात कुछ नहीं हो सकती। प्रदेश में किसी को नहीं पता कि भजनलाल सरकार क्या करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करना चाहिए लेकिन वह जनता को कुछ नहीं समझती। डोटासरा ने कहा कि भाजपा विकसित भारत संकल्प अभियान चला रही है लेकिन अभियान के तहत भाजपा का देश को विकसित करने का विजन क्या है, किसी को कुछ पता नहीं। बस लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में फिर से सत्ता पर काबिज हुआ जा सके।

डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को केंद्र सरकार ने अपने अधीन कर लिया है। अब तो यह भी संशय है कि आगामी लोकसभा चुनाव होंगे भी या नहीं। गंगानगर जिले की श्रीकरनपुर सीट के लिए हो रहे चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है और कांग्रेस के पास बताने को बहुत कुछ है। अशोक गहलोत सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए बहुत कुछ किया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे बिना समय गंवाए इस चुनाव को जीतने के लिए सारा जोर लगा दें ताकि भाजपा को चुनाव हराया जा सके ताकि इस हार से जनता को कुछ नहीं समझने वाली भाजपा जनता को समझने लगे।