विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण

पंचशील डिस्पेंसरी में मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
अजमेर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आज यहां राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय पंचशील नगर में विधायक कोष से स्थापित सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन से बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

इस मशीन की शुरूआत से आसपास के हजारों लोगों को उनके घर के पास ही सोनोग्राफी की सुविधा मिलेगी। करीब 27 लाख रूपए की लागत से इस मशीन के शुरू होने से जवाहर लाल नेहरू अस्पताल पर भी मरीजों का भार कम होगा।

इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि चिकित्सा सुविधा मेरी पहली प्राथमिकता रही है। यदि लोग स्वस्थ रहते हैं तब वह अपने जीवन के हर क्षेत्र में अग्रणी होते हैं। सोनोग्राफी मशीन की सुविधा उपलब्ध हो जाने से अब मरीजों को जांच कराने दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र 5 करोड़ रूपए की लागत से बनाया गया था तथा इसमें ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए 54.32 लाख रूपए स्वीेकृत किए गए थे। इस स्वास्थ्य केन्द्र में क्रिटिकल केयर एम्बूलेंस की सुविधा प्रदान करने के लिए 17 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी। कोविड के दौरान इस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को डेडिकेटेड कोविड सेन्टर बनाया गया।

पंचशील नगर, रामनगर, वैशाली नगर, माकड़वाली तथा कोटड़ा क्षेत्र मे स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण के लिए 9 करोड़ रूपए खर्च किए गए। पुलिस लाईन स्थित शहरी स्वास्थ्य केन्द्र पुलिस लाईन अजमेर के भवन के प्रथम तल पर कक्ष निर्माण कार्य के लिए 20 लाख रूपए स्वीकृत किए गए।

उन्होंने बताया कि 20 लाख रूपए की लागत से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वैशालीनगर में वार्ड व स्टोर रूम का निर्माण किया गया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डिग्गी बाजार में एक कमरे के निर्माण व टीन शेड लगवाने के लिए 10 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि स्टाफ पूरी संवेदनशीलता से काम करें ताकि लोग प्राईवेट हॉस्पिटल में जाना भूल जाएं। स्टाफकर्मियों को अपनी नौकरी को मानव सेवा समझकर करनी चाहिए। अजमेर राजस्थान में आगे बढ़े यह सोचकर पूरी निष्ठा से काम करनी चाहिए। जनता को निःशुल्क सुविधा मिलनी चाहिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनुज पिगोंलिया ने बताया कि पंचशील सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शुरू होने वाले सोनोग्राफी मशीन अच्छी गुणवता वाली व अत्याधुनिक है। इस स्वास्थ्य केन्द्र में 100 ऑक्सीजन की सुविधा वाले बेड है तथा ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया गया है। यहां का स्टाफ डेडीकेटेड है और पूरी निष्ठा के साथ काम करता है।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी से आग्रह किया कि इस स्वास्थ्य केन्द्र को मेडिकल एंड हेल्थ डिपार्टमेंट में शामिल किया जाना चाहिए ताकि स्टाफ की कोई कमी नहीं रहे। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एसएस जोधा ने बताया कि इस सोनोग्राफी मशीन में प्रिंटर व यूपीएस सिस्टम भी लगा है तथा इस मशीन से हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।

गीता जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष ने किया संतों का सत्कार

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को गीता जयंती पर अपने निवास पर संतों का सत्कार किया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों से संत पधारे। इन संतो का शॉल एवं माला पहनाकर इनका सम्मान किया गया। इसके पश्चात इन सभी संतों को भोजन करवाया गया।

इस अवसर पर चित्राकूट धाम के उपासक पाठक महाराज, राजगढ़ धाम के उपासक चंपालाल, नोसर माता मंदिर के महंत रामा कृष्ण देव, आचार्य रवि शंकर महाराज निंबार्ककोट खाईलैंड, स्वरूप दास महाराज ईश्वर मनोहर दरबार अजय नगर, नारायण दास महाराज प्रेम प्रकाश आश्रम आदर्श नगर, फतन दास महाराज जतोइ दरबार नगीना बाग, साधुराम महाराज आनंदपुर दरबार वैशाली नगर, विषम दास महाराज हाथीराम दरबार, ब्रह्म प्रकाश महाराज गणेश मंदिर आगरा गेट, चंद्रस्वरूप महाराज बालाजी मंदिर होली धड़ा, पंडित बाबूलाल महाराज राजेश्वर मंदिर कोतवाली, पंडित सुनील जागेश्वर महादेव मंदिर घी मंडी, भाग सिंह भेरू मंदिर काजीपुरा, पंडित विनोद शर्मा कोटेश्वर महादेव मंदिर हाथी खेड़ा एवं मदन महाराज चामुंडा माता मंदिर सहित कई मंदिरों के संत उपस्थ्ति रहे।