श्री पुष्कर मेला 2025 : संघ शताब्दी वर्ष में साहित्य बिक्री, बड़ी स्क्रीन पर दिखेगा संघ का इतिहास

पुष्कर के अंतर-राष्ट्रीय मेले में साहित्य बिक्री केंद्र का उद्घाटन
पुष्कर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अजयमेरु विभाग की ओर से संघ के शताब्दी वर्ष (1925-2025) में रविवार को एकादशी के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला 2025 में साहित्य बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुष्कर खंड के संघचालक रामनिवास वशिष्ठ, विभाग प्रचारक शिवराज व चित्तौड़ प्रांत के प्रचार प्रमुख राजेंद्र लालवानी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में पुष्कर मेले में आने वाले हजारों तीर्थयात्रियों के मध्य सद्-साहित्य बिक्री करने के साथ ही बड़ी LED स्क्रीन के जरिए संघ के 100 वर्षों की यात्रा दिखाई जाएगी।

अजमेर महानगर प्रचार प्रमुख प्रदीप शर्मा ने बताया कि संघ के पंच परिवर्तन के विषय के साथ-साथ हिंदुत्व, भारत की महान क्रांतिकारी महिलाएं, जंगल सत्याग्रह, महाराणा प्रताप, डॉ आंबेडकर, गोविंद गुरु, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दृष्टिकोण, पंचयज्ञ से परम वैभव आदि अनेक विषयों पर साहित्य की बिक्री की जा रही है।

बड़ी LED के माध्यम से 1925 से 2025 की संघयात्रा, इतिहास, संघ पर विभिन्न प्रतिबंध, संतों के आशीर्वचन, देश पर आए प्राकृतिक आपदा के समय स्वयंसेवकों द्वारा सहायता कार्य के वीडियो आदि दिखाए जाएंगे। इसके साथ ही पंच परिवर्तन के 5 विषय सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य के साथ स्व-जागरण के विषयों पर लघु फिल्में भी दिखाई जाएंगी ताकि भारतीयता से संबंधित ये सभी विचार पुष्कर मेले में आने वाले तीर्थ यात्रियों के माध्यम से पूरे देश में पहुंचे। इस अवसर पर जगदेव, राजेंद्र गौड़, राघव, टीकम, नंदू पंवार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पुष्कर में निकली सांस्कृतिक आस्था से ओतप्रोत भव्य आध्यात्मिक पद यात्रा