राजगढ़ भैरव धाम में गूंजा ‘नशे को हराना है, खुशहाल राष्ट्र बनाना है’ का संकल्प

0

हजारों श्रद्धालुओं ने नशामुक्ति रैली में लिया जीवनभर नशा नहीं करने का संकल्प
अजमेर। राजगढ़ स्थित मसाणिया भैरव धाम पर रविवार को आयोजित मेले में नशामुक्त समाज के संदेश को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आमजन को नशे का त्याग करने तथा युवाओं को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि भारत सरकार के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालु हाथों में नशामुक्ति के संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। इस दौरान ‘नशे को हराना है, खुशहाल राष्ट्र बनाना है’ जैसे नारों से पूरा भैरव धाम गूंज उठा।

रैली के समापन पर श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने स्वेच्छा से नशे का त्याग करने और भविष्य में नशा नहीं करने की हाथ उठाकर शपथ ली। सेन ने बताया कि चम्पालाल महाराज के मार्गदर्शन में धाम पर पिछले कई वर्षों से नशामुक्त समाज निर्माण के लिए महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक लाखों श्रद्धालु स्वेच्छा से नशामुक्ति का संकल्प ले चुके हैं।

नशा विनाश का और शिक्षा विकास का कारण

चम्पालाल महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और संस्कृति को भी खोखला करता है। नशा छोड़कर कर्तव्य, सेवा और संयम के मार्ग पर चलना ही सच्चे जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नशा विनाश का मार्ग है, जबकि शिक्षा, सत्संग, सेवा और संयम समाज के विकास का रास्ता हैं। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

नशामुक्ति रैली में द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित आरडी सिंह, कॉमनवेल्थ गेम्स के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देवेन्द्र गहलोत तथा ओपन वर्ल्ड टेबल टेनिस चैंपियनशिप के खिलाड़ी गजानन्द शर्मा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में रमेश सेन, राहुल सेन, ताराचन्द सेन, कैलाश सेन, पदमचन्द जैन, दिलीप राठी, सुनील चौहान, अजय बुढानिया, देवानन्द, सतीश सेन, सत्यनारायण, दीपक बसीटा, भूपेन्द्र सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।