कांग्रेस नहीं चाहती देश की समस्याओं का समाधान हो : योगी आदित्यनाथ

भरतपुर। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती है कि देश की समस्याओं का समाधान हो क्योंकि कांग्रेस खुद अपने आप में एक समस्या है।

योगी रविवार को भरतपुर संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रामस्वरूप कोली के समर्थन में वैर भुसावर विधानसभा क्षेत्र के हलैना में आयोजित जनसभा में कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबी के नाम पर राजनीति की है। देश के विकास में कांग्रेस का कोई सहयोग नहीं रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन में कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त की गई, पत्थरबाज़ी समाप्त हुई अब भारत की सीमाओं के अंदर आतंकवाद को प्रश्रय नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया है, इससे किसानों का सम्मान बढ़ा है, यह गरीबों और मज़दूरों का सम्मान है।

अयोध्या में राम मंदिर का जिक्र करते हुए योगी कहा कि राम मंदिर का निर्माण मोदी ने करवाया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस वाले कभी राम मंदिर का निर्माण करवा पाते? उन्होंने कांग्रेस को धर्म विरोधी बताते कहा कि भरतपुर ब्रज मंडल का भाग है। मथुरा है, वृंदावन है, बरसाना है, गोकुल है, लेकिन कांग्रेस ने यह कह कि राम और श्रीकृष्ण हुए हीं नहीं हमारे आराध्यों का बहुत बड़ा अपमान किया है। कांग्रेस के लोग हमारे इतिहास और विरासत पर ही प्रश्न खड़ा करने का प्रयास करते हैं।