अजमेर में सम्भागीय आयुक्त ने किया ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की ली सलामी

77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
अजमेर। 77वें स्वाधीनता दिवस समारोह में अजमेर के पुलिस लाइन मैदान में सम्भागीय आयुक्त सीआर मीणा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने मार्चपास्ट की सलामी लेने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 78 व्यक्तियों, संस्थाओं व अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजेन्द्र सिंह ने किया।

सम्भागीय आयुक्त मीणा ने इस मौके पर कहा कि स्वाधीनता प्राप्त हुए एक पूरा अमृतकाल हो गया है। इस यात्रा को 25-25 वर्ष के 3 काल खण्ड में देखा जा सकता है। प्रथम 25 वर्षो के दौरान भारतीय संविधान की जन-मन में स्थापना की गई। इस समय में प्रजातांत्रिक संस्थाओं ने अपनी स्थापना के साथ ही लोकतन्त्र की जमीन तैयार की। रोजगार पर विशेष ध्यान दिया गया। खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य रखा गया। इससे भारत ने अपना मुकाम हासिल किया। अमृत महोत्सव के पश्चात नया भारत शताब्दी वर्ष मनाने की और अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि सरकारों द्वारा निर्धनता को दूर करने के लिए प्रयास किया। इस कारण देश में गरीब व्यक्तियों की संख्या तेजी से कम हुई। आर्थिक पक्ष को मजबूत करने के लिए काम किए गए। आधुनिक तकनीक को अपनाकर विकास के नए आयाम स्थापित किए गए। देश के विकास को गति देने के लिए नए उद्यम स्थापित हुए। आज भारत विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अध्ययन पर ध्यान देना चाहिए। बच्चों का शैक्षिक विकास होने से देश का विकास होगा। पढ़ाई में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने से अध्ययन सुगम हो रहा है। जीवन में माता पिता के लिए गर्व करने वाले कार्य कर परिवार तथा देश का नाम रोशन करेें। समाज में प्रेम एवं सद्भावना का संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक जाना चाहिए।

पुलिस एवं होमगार्ड की प्लाटून ने की परेड

इस समारोह में परेड कमांडर उप अधीक्षक पुलिस कार्तिकेय लाटा के नेतृत्व में परेड की। सीआरपीएफ पुरूष प्लाटून के दल का नेतृत्व इन्स्पेक्टर नरेन्द्र सिंह ने किया। राजस्थान पुलिस पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उप निरीक्षक योगेन्द्र उबाना ने किया। इसी प्रकार उपनिरीक्षक पारूल यादव ने राजस्थान पुलिस महिला प्लाटून, उप निरीक्षक होमगार्ड धर्मीचन्द ने होमगार्ड पुरूष प्लाटून का नेतृत्व, होमगार्ड महिला प्लाटून का नेतृत्व उप निरीक्षक होमगार्ड विकास ओजवानी, हरिसुन्दर बालिका स्कूल की प्लाटून का नेतृत्व खुशबु तथा रोवर्स रेन्जर्स प्लाटून का नेतृत्व मयंक सिंह नेगी ने किया।

राजस्थान पुलिस के बैंड ने अशोक थापा के निर्देशन में देशभक्ति पूर्ण धुनें प्रस्तुत की। हरिसुन्दर बालिका स्कूल बैण्ड का नेतृत्व रीना, गुरूकुल स्कूल बैण्ड का नेतृत्व हर्ष सोनी एचकेएच स्कूल बैण्ड का नेतृत्व विश्वेन्द्र कुमावत, सोफिया स्कूल के बैण्ड का नेतृत्व तमन्या एवं सेन्ट स्टीफन बैण्ड का नेतृत्व हीर अनुरागी ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में सामूहिक नृत्य ने मन मोहा

राजकीय सावित्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की डॉ. शारदा देवड़ा के निर्देशन में सामूहिक नृत्य का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें देशभक्ति गीतों के समुच्च पर 350 बालिकाओं ने शानदार प्रस्तुति दी। इसमें सावित्री राजकीय बालिका विद्यालय, केन्द्रीय बालिका विद्यालय, ईस्ट पॉइन्ट, महाराजा अग्रसेन विद्यालय, ख्वाजा मॉडल स्कूल, हरीसुन्दर बालिका विद्यालय एवं एचकेएच की बालिकाओं ने भाग लिया। मीना वर्मा एवं दीनेश्वर के समूह ने राष्ट्रगान गाया। स्वीप गतिविधि का गीत हम भारत के मतदाता हैं नृत्य के साथ प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों ने किया सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त इन्हीं विद्यार्थियों द्वारा डम्बल एवं वलय व्यायाम का प्रदर्शन भी किया गया।

78 व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान

मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 78 व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट इंदिरा रसोई संचालकों का भी सम्मान हुआ। संभाग स्तर पर इंदिरा रसोई सालासर एण्ड कम्पनी को प्रथम आने पर 15 हजार, जवाहर फाउण्डेशन गुलाबपुरा भीलवाड़ा एवं शिशु एवं मातृत्व सेवा संस्थान भीलवाड़ा को द्वितीय आने पर 11-11 हजार तथा एन्थ्रोपोसेन्टि्रक विजनरी ऑर्गेनाईजेशन बासनी को तृतीय आने पर 5 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन रामकली, विमला देवी, जानकी टी गोकलानी, ताहिरा खानम, चन्दा अग्रवाल एवं लेखा गुप्ता का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, विधायक वासुदेव देवनानी एवं अनिता भदेल, गांधी दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, पुलिस महानिरीक्षक लता मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक चूना राम जाट, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्रीनिधि बीटी, नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार, डीएफओ अभिमन्यु सारण, दैनिक नवज्योति के प्रदान सम्पादक दीनबन्दु चौधरी, महेन्द्र सिंह रलावता, सौरभ बजाड़ सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।