मोदी के शासन में रक्षा बजट में की गई बढोतरी : राज्यवर्धन सिंह राठौड

अजमेर। राजस्थान के सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में रक्षा बजट में अभूतपूर्व बढ़ोतरी की गई है। इतना ही नहीं सीमा का विकास भी तेजी से किया गया है।

राठौड़ शनिवार को अजमेर में भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के समर्थन में भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आप सबने पहले वाले भारत को देखा और आज के भारत को भी देख रहे हैं। आज के भारत का चैतरफा विकास और सीमाओं की सुरक्षा का तेजी से कार्य किया गया है।

पहले के प्रधानमंत्री सेना के बीच नहीं जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी सेना के बीच रहकर दीपावली मनाते हैं। उनका मनोबल बढ़ाते है और देश के सैनिकों को अहसास कराते हैं कि चिन्ता मत करो सरकार आपके साथ खड़ी है।

अग्निवीर योजना का विरोध कर रहे विपक्षी नेताओं को आडे हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के लिए देश सेवा और भविष्य बनाने का स्वर्णीम अवसर है। कोई अग्निवीर भविष्य में भी बेरोजगार नहीं रहेगा। सेना को चयनित 4 में एक बेस्ट फौजी मिलेगा। शेष को सैन्य सेवा पूर्ण कर लेने के बाद 11 लाख रुपए हाथ में होंगे साथ ही पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएथ् जैसे सुरक्षा बलों की भर्ती में प्राथमिकता मिलेगी।

मोदी देश को हर तरह से मजबूत कर रहे हैं। देश की मजबूती के लिए जैसी इच्छा शक्ति चाहिए मोदी उससे पूरी तरह लबरेज हैं। धारा 370 को हटाना, देश में 5जी लॉन्च होना, राम मंदिर ​निर्माण जैसे अनेकानेक बडे काम हुए हैं। मोदी जी इन कामों को ट्रेलर बता रहे हैं तो जान लिजिए की पिक्चर कैसी होगी।

उन्होंने कहा कि हमें पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रधानमंत्री के लिए भाजपा को जिताना है और कमल खिलाकर तीसरी बार केन्द्र में मोदी सरकार को लाना है। राठौड़ ने सैनिकों के सम्मान, वन रेंक-वन पेंशन पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि फौजी सेवानिवृत होने के बाद भी फौजी ही रहता है। राष्ट्र और तिरंगा बुलंदियों पर रहे यही उसकी कामना रहती है। उन्होंने कहा कि ये मोदी ही हैं जो भाजपा को सेना की तरह डिसिप्लिन में चला रहे हैं।

अजमेर में तीन पूर्व पार्षदों ने छोडा हाथ का साथ, भाजपा में शामिल

मतदान में कम प्रतिशत के बावजूद भाजपा की जीत सुरक्षित है : विनय सहस्त्रबुद्धे