कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं होने से वह कर रही है अनर्गल बयानबाजी : जितेंद्र गोठवाल

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक जितेंद्र गोठवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं होने के कारण उसके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

गोठवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि श्री गहलोत क्या बोलते है यह स्वयं उन्हें नहीं पता, वहीं डोटासरा तो आलाकमान के आदेशों की पालना में जुटे हुए है। कांग्रेस के नेताओं के पास ना तो कोई विजन है और ना ही कोई सोच। ऐसे में जब कांग्रेसी नेताओं के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा तो वे अनर्गल बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गहलोत भाजपा के 400 पार के नारे पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि यह नारा जनता के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। देश की जनता मोदी पर विश्वास करती है। देश की जनता मानती है कि भारत के सम्मान के लिए और गरीबों के उत्थान के लिए मोदी जरूरी है। ऐसे में उनका 400 पार का नारा आमजन का विश्वास है। इसलिए यह 400 पार का नारा भाजपा के लिए ध्येय वाक्य है।

गोठवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पांच साल तक आपसी झगड़ों में ही उलझी रही। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई थी, महिलाओं और दलितों पर अत्याचार की घटनाएं हो रही थी वहीं पेपरलीक कर लाखों युवाओं के भविष्य के साथ जो कुठाराघात कांग्रेस सरकार के समय हुआ वो प्रदेश की जनता को याद है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की पांच महीने की भजनलाल सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए एंटी गैंगस्टर फोर्स का गठन किया। 77 पेपरलीक माफियाओं को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया वहीं दूसरी ओर अवैध बजरी खनन माफियाओं पर नकेल कसी गई।

गोठवाल ने कहा कि भजनलाल सरकार के कार्याें की देशभर में भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा के 136 कार्यकर्ता देशभर के आठ राज्यों में लोकसभा चुनावों के प्रचार की कमान संभाल रहे है। इन कार्यकर्ताओं को जहां जिस प्रांत, बूथ, विधानसभा या लोकसभा की जिम्मेदारी दी गई, वहां पूर्ण समर्पण के साथ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे है।