कांग्रेस केवल मां-बेटे की पार्टी बाकी सब कांट्रेक्ट पर : जेपी नड्डा

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस की यूपीए सरकार का मतलब उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार बताते हुए कहा है कि कांग्रेस केवल मां-बेटे की पार्टी बनकर रह गई और उसके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य सब नेता कांट्रेक्ट पर हैं।

नड्डा रविवार को यहां बीलवा में भाजपा के राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नहीं सहेगा राजस्थान आंदोलन की शुरुआत करने के बाद रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने यूपीए के बारे में बताते हुए कहा कि यूपीए में यू का मतलब उत्पीड़न, पी का मतलब पक्षपात और ए का मतलब अत्याचार है, इसलिए यूपीए की सरकार उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार’ करने वाली सरकार है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस (पीडीए) का नया शिगूफा छोड़ा है लेकिन पीडीए का मतलब है- प्रोटेक्शन ऑफ़ डायनेस्टिक अलायंस। ये अपने-अपने परिवार को बचाने के लिए गठबंधन बना रहे हैं। कांग्रेस मां, बेटा और बेटी की पार्टी है, बाकी सब कॉन्ट्रैक्ट पर है। अशोक गहलोत भी कॉन्ट्रैक्ट पर हैं और सचिन पायलट भी।

नड्डा ने राज्य की कांग्रेस पर उसके शासन में भ्रष्टाचार, लूटने, दलितों एवं महिलाओं पर अत्याचार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने तय किया है कि अगले 15 दिनों तक ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान को लेकर पूरे प्रदेश में हर विधानसभा में अभियान चलाया जाएगा क्योंकि कांग्रेस की गहलोत सरकार लूटने वाली सरकार है। गरीबों का हिस्सा चोरी करना, सरेआम भ्रष्टाचार करना, भ्रष्टाचार के नित नए रिकॉर्ड बनाना-यही कांग्रेस की गहलोत सरकार का चाल, चलन और चरित्र है।

उन्होंने कहा कि लूटने वाली, अत्याचारी और कुशासन वाली राजस्थान की कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि ऐसी सरकार को आगामी नवंबर माह में जनता इसे बाहर का रास्ता दिखा देगी।

उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकार का ‘फेल कार्ड’ भी जारी किया। उन्होंने कहा कि रविवार से शुरु हुए नहीं सहेगा राजस्थान अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा और इसके तहत भाजपा राज्य के दो करोड़ लोगों से संपर्क साधेगी और कांग्रेस की गहलोत सरकार की पोल-पट्टी खोलेगी।

नड्डा ने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार राजस्थान में प्रतिदिन औसतन 18-19 दुष्कर्म और पांच-सात हत्या की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस की गहलोत सरकार के शासन में हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं घटी हैं। गहलोत सरकार के मंत्री ऐसी घटनाओं के बारे में ऐसे-ऐसे वाक्य बोलते हैं कि उस वाक्य को भी दोहराने में शर्म आती है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में महिला उत्पीड़न चरम सीमा पार कर रही है। अब राजस्थान की जनता गहलोत सकार के उत्पीड़न को नहीं सहने वाली है और गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार खुलेआम अन्याय और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। जयपुर बम बलास्ट केस को गहलोत सरकार ने कमजोर किया। वोट बैंक की खातिर गहलोत सरकार ने जयपुर बम बलास्ट के आरोपियों को छोड़ने में मदद की और उनकी फांसी की सजा समाप्त हो गई

उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में एक हजार से ज्यादा दंगे हुए हैं। बड़ी संख्या में दंगाइयों को छोड़ा गया है। नड्डा ने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में लगभग 19 हजार 500 किसानों की भूमि जब्त कर ली गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजस्थान में आकर बोलते थे कि एक-दो-तीन-चार और किसानों का कर्जा माफ। इससे उलटे कांग्रेस सरकार राजस्थान के किसानों की जमीन जब्त कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में राजस्थान में दलितों पर आठ हजार से ज्यादा मुकदमें दर्ज हुए थे। गहलोत सरकार पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के घरों पर बुलडोजर चलाती है और रोहिंग्याओं को बसाने के लिए राशन कार्ड बनवाती है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंखना है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने कृषि के मशीन, ट्रैक्टर आदि पर लगने वाले जीएसटी को हटाने, स्पाइस बोर्ड बनाने, पशुपालन और डेयरी को आगे बढ़ाने, एससी और एसटी का बैकलॉग खत्म करने और शहीदों के परिजनों को बसाने का वादा किया था लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया।

नड्डा ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत परिवार के लोग हजारों करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट ले रहे हैं। गहलोत सरकार में परिवार का पोषण चल रहा है। राजस्थान में वृद्धा पेंशन में लगभग 400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। शहीदों की विधवाएं अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रही हैं।