कर्नाटक यौन शोषण मामले में भाजपा नेता देवराजे गौड़ा अरेस्ट

बेंगलूरु। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवराजे गौड़ा को हासन के सांसद एवं जनता दल सेक्युलर (जदएस) नेता प्रज्वल रेवन्ना को फंसाने वाले कथित अश्लील वीडियो को लीक करने के आरोप में पुलिस ने चित्रदुर्ग जिले से गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ एक महिला का यौन शोषण करने का भी मामला है।

पुलिस ने भाजपा नेता एवं पेशे से अधिवक्ता गौड़ा को जिले के गुलीहाल टोल गेट से शुक्रवार रात गिरफ्तार किया। उन पर रेवन्ना और पीड़ित महिलाओं के वीडियो लीक करने का आरोप है।

गौड़ा के खिलाफ हासन के होलेनरसीपुर की एक महिला ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।महिला ने उनके खिलाफ एक अप्रैल 2024 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला ने प्राथमिकी में आरोप लगाए कि गौड़ा ने उसकी संपत्ति बेचने में मदद करने के बहाने करीब 10 महीने तक उसका यौन शोषण किया।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2023 में लोकसभा चुनाव को लेकर जदएस के साथ गठबंधन होने से पहले गौड़ा ने रेवन्ना के कथित यौन शोषण के मामले को केंद्रीय नेतृत्व के ध्यान में लाया था। इस मामले की जांच करने वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गौड़ा को गवाही देने और चल रही जांच में सहयोग करने के लिए बुलाया था।