अजमेर में बारिश थमने के बाद भी जलभराव से फिलहाल राहत नहीं

कलक्टर ने किया निरीक्षण
अजमेर। कलक्टर लोक बन्धु ने जिले में जल भराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सूचना केन्द्र चौराहा, आनासागर एस्केप चैनल, सागर विहार पाथ वे, रीजनल कॉलेज चौराहा एवं पुष्कर की व्यवस्थाओं का विशेष अवलोकन किया गया।

अजमेर शहर में जल भराव को कम करने के क्षेत्र में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी नगर निगम आयुक्त देशल दान ने दी। कलक्टर ने कहा कि आमजन को जल भराव से कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तेजी से पानी खाली करें। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पम्प भी लगाए।

कलक्टर लोक बन्धु ने पुष्कर सरोवर तथा फीडर का स्थानीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, उपखण्ड अधिकारी गौरव मित्तल एवं विकास अधिकारी सुधीर पाठक ने क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी।

समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को फील्ड में तैनात पाया। पुष्कर सरोवर की पवित्रता बनी रहनी चाहिए। जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हर सम्भव कदम उठाए जा रहे हैं। इससे सामान्य जनजीवन बना रहे। जल स्त्रोतों के आसपास व्यक्तियों को जाने से रोकने की कार्यवाही करें।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं अधिकारी क्षेत्र में सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखें। आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। वर्तमान में सभी स्थानों पर स्थिति नियंत्रण में है। आगामी मौसम की जानकारी के अनुसार सतर्कता बनाए रखें। जनसेवा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़कर कार्य करें। आश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के लिए भी निर्देश प्रदान किए गए है।

कलक्टर ने बताया कि सागर विहार, वन विहार के जल भराव क्षेत्रों से निकालकर लोगों को सामुदायिक केन्द्र केशव नगर के आश्रय स्थल में ठहराया गया है। इसी प्रकार आम का तालाब क्षेत्र के निवासियों के लिए अम्बेडकर भवन गुलाबबाडी में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। दो अन्य आश्रय स्थलों डीएवी शताब्दी स्कूल आदर्श नगर तथा सेन्ट्रल गर्ल्स स्कूल चूड़ी बाज़ार में भी ठहरने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा करवाई गई है। जिला प्रशासन रेस्क्यू सेन्टर पर पानी, खाने तथा सोने की व्यवस्था कर रहा है। चारों सेन्टर पर करीब 300 लोगों को रेस्क्यू करके ठहराया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अन्य जल भराव के क्षेत्र काला बाग, ब्रह्मपुरी, हाथी भाटा, सागर विहार में निगम की टीम द्वारा निवासियों को भोजन के पैकेट, दूध बिस्किट तथा पानी के कैम्पर लगातार घर पर ही उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा गत दो दिवस से व्यक्तियों को खाने के पैकेट, दूध के पैकेट, बिस्किट के पैकेट तथा पेयजल का वितरण किया जा रहा है। इसके लिए विशेष टीमें बनाकर कार्य करवाया जा रहा है। नगर निगम, होम गार्ड तथा एसडीआरएफ आपसी समन्वय के साथ लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य युद्ध स्तर पर कर रहे है।

जिला प्रशासन द्वारा वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मुनादी करवाई जा रही हे। इसमें आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई, आश्रय स्थल व चिकित्सा आदि से संबंधित जानकारी दी जा रही है। आपात स्थिति में आमजन जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0145-2628932 पर संपर्क कर सकते हैं।

फसलों एवं मकानों की क्षति पर किया जाए सर्वे

जिले में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों एवं मकानों में हुई क्षति के संबंध में जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा सर्वेक्षण करने के निर्देश प्रदान किए गए है। कलक्टर ने कहा कि जिले में अतिवृष्टि के कारण फसलों में नुकसान की संभावना है। इसी प्रकार कच्चे एवं पक्के मकानों के भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिल रही है। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ काम किया जाना चाहिए। फसलों में हुए नुकसान के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही करें। इसी प्रकार कच्चे एवं पक्के मकानों में हुए नुकसान का सर्वेक्षण करें। सर्वेक्षण के उपरांत नियमानुसार तुरंत राहत प्रदान करने के लिए प्रस्ताव बनाकर जिला मुख्यालय को भेजें जाएं।

भैरव धाम राजगढ़ में मूसलाधार बारिश, तेज बहाव से मंदिर के बैरीकेट बहे