बीजेपी प्रत्याशी नरपत सिंह राजवी के चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर स्वागत

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में आगामी विधानसभा आम चुनाव में चित्तौड़गढ़ से घोषित भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एवं विधायक के सोमवार को चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर स्वागत किया गया।

चित्तौड़गढ़ से विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या का टिकट काटकर राजवी को यहां से उम्मीदवार बनाने के बाद आक्या ने बागी तेवर अपना लिए और उन्होंने चुनाव लड़ने की ताल ठोक रखी हैं और उनके समर्थन में जन सैलाब उमड़ रहा हैं जबकि पार्टी उम्मीदवार घोषित होने के बाद राजवी घोषणा के दस दिन बाद चित्त्तौड़गढ़ आए हैं। सोमवार को उनके स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की जगह पदाधिकारियों की भरमार दिखी वहीं आम जनता नदारद थी।

राजवी ने 50 वाहनों के काफिले के साथ शहर में प्रवेश किया जहां पर शेखावटी क्षेत्र के लोगों ने उनका स्वागत किया। उनका सुभाष चौक पर जिला भाजपा के पदाधिकारी एवं नगर मंडल अध्यक्ष सहित दो तीन दर्जन कार्यकर्ता तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वीणा दशोरा के नेतृत्व में बेंगू रावतभाटा से आई महिला कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

इसके बाद नरपत सिंह राजवी ने कालिका माता मंदिर में पूजा की। उधर, बागी होने के बाद भी लोगों का जबरदस्त समर्थन पा रहे आक्या ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों के सम्मेलन का आयोजन रखा है।