देवनानी ने ख्वाजा के सालाना उर्स में माकूल इंतजाम करने के दिए निर्देश

अजमेर। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासूदेव देवनानी ने ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 812 वें सालाना उर्स में माकूल इंतजामों के निर्देश दिए हैं। देवनानी आज अपना दौरा पूरा कर जयपुर लौटने से पहले यहां सर्किट हाऊस रूके और नगर निगम आयुक्त को उक्त हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों से उर्स मेला एवं अन्य कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली।

उन्होंने कहा कि अजमेर शहर अन्तर्राष्ट्रीय पहचान रखता है। इसकी नगरीय सीमा में नागरीकों तथा पर्यटकों की सुविधाओं का ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। शहर में विभिन्न स्थानों पर मांस की अवैध दुकानें संचालित हो रही है। इस प्रकार की दुकानें मांस विक्रय के लिए निर्धारित मानदण्डों का पालन नहीं करती है। नगर निगम द्वारा अवैध रूप से चलने वाली मांस की दुकानों पर लगातार कार्यवाही की जानी चाहिए। समय-समय पर फिल्ड सर्वे कर इन्हें सीज करने की कार्यवाही की जाए।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार लाइसेन्स प्राप्त मांस की दुकानों पर भी किसी प्रकार की नियमों की अवहेलना नहीं होनी चाहिए। यह सुनिश्चित करना स्थानीय निकाय का दायित्व है। सरकार द्वारा मांस की दुकानों के संचालन के लिए नियम जारी किए गए है। इन निर्देशों की शत प्रतिशत पालना करवाई जाए।

उन्होंने कहा कि आनासागर झील अजमेर शहर का हृदय है। इसमें जलकुम्भी की समस्या बनी हुई है। इस कारण झील का सौन्दर्य प्रभावित होता है। साथ में प्रवासी पक्षियों के लिए भी तैरने में परेशानी होती है। शीतकाल में विभिन्न देशों के पक्षी प्रवास करने आनासागर झील पर रूकते हैं। पर्यटन तथा पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए जल कुम्भी हटाने की कार्यवाही लगातार की जानी चाहिए। शीतकाल में प्रवासी पक्षियों के कारण जल कुम्भी को हटाने की गति में वृद्वि हो।

उन्होंने कहा कि एलीवेटेड रोड़ के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। एलीवेटेड रोड़ के नीचे सड़क का टूटा-फूटा होना यातायात के प्रवाह को बाधित करता है। साथ ही कई जगहों पर मिटटी के ढे़र भी लगे हुए है। एलीवेटेड रोड़ के नीचे की सड़क नगर निगम द्वारा मरम्मत की जाए तथा मिट्टी के ढे़रों को भी हटाने की कार्यवाही की जाए।

उन्होंने कहा कि उर्स मेला 2024 के दौरान पूरी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में हो। इस दौरान समस्त इन्तजाम माकूल होने चाहिए। उर्स अवधि के दौरान अजमेर शहर के अन्य क्षेत्रों की सुविधाएं भी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। पेयजल तथा बिजली की निर्बाध एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।  उल्लेखनीय है कि देवनानी के अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में दरगाह शरीफ है और यहीं पर सालाना उर्स का मेला आठ जनवरी को उर्स के झंडे के साथ शुरू होगा।

जायरीनों की जेब तराश कर मोबाईल चोरी करने वाले 4 अरेस्ट

अजमेर की दरगाह थाना पुलिस ने ख्वाजा साहब के 812 वें सालाना उर्स से ठीक पहले दरगाह क्षेत्र में आने वाले जायरीनों की जेब तराश कर मोबाईल फोन पार करने वाले संगठित गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से आठ लाख कीमत के 20 मंहगे एन्ड्राइड मोबाईल फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में नासिक थाना किला निवासी नावेद अख्तर, अजमेर अलवरगेट थाना निवासी समीर शेख तथा अजमेर गंज थाना निवासी इमरान अली एवं मोहम्मद रिझवान है। पुलिस आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों तथा अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

राष्ट्रीय गौरव व राष्ट्रीय चेतना का अनूठा स्थल है प्रताप गौरव केन्द्र : देवनानी