मोदी सरकार की शान में पढें कसीदे, कांग्रेस को कहा सनातन विरोधी

अजमेर। लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही भाजपा योजनाबद्ध तरीके से अपने चुनावी अभियान को गति दे रही है। शनिवार को इसी क्रम में अजमेर से पार्टी प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के किले बंदी करने आए प्रदेश प्रवक्ता शैलेंद्र सिंह गुर्जर प्रधानमंत्री मोदी की ओर से लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की लंबी फेहरिस्त से मीडिया के सामने रखकर दावा किया कि आम गरीब व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का काम मोदी सरकार ने किया है।

प्रत्याशी चौधरी के सिविल लाइन में खुले मुख्य चुनाव कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान गुर्जर ने कहा कि विकास के कार्यों के जरिए जो डेवलपमेंट हुआ उनको लेकर भाजपा लोकसभा चुनाव में उतर चुकी है। इन्हीं मुद्दों के साथ हम जनता जनार्दन के सामने जा रहे हैं। मोदी सरकार का बीता 10 साल का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भावना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज़ादी के 65 वर्ष बाद 4.10 करोड़ पक्के मकान गरीब और बेघर लोगों को देने का काम किया। इस योजना में राजस्थान के 19 लाख लोगों को अपना घर नसीब हुआ। उज्ज्वला योजना के तहत 9.80 करोड़ माताओं बहनों को हमने धुएं से मुक्ति देने के लिए देशभर में एलपीजी गैस कनेक्शन दिए। राजस्थान में भी 69 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन मिले।

राजस्थान में पानी की समस्या विकट रहती है। इस महत्वपूर्ण विषय पर कांग्रेस पार्टी राजनीति करने से इतर कभी सोच नहीं पाई। जल जीवन मिशन के तहत मोदी सरकार ने देश में 14 करोड़ लोगों के घरों में नल से शुद्ध जल पहुंचाने का काम किया इनमें राजस्थान के 50 लाख लाभान्वित हैं। कांग्रेस पार्टी की सरकार ने भ्रष्टाचार कर उस जल जीवन मिशन कि प्रगति को रोकने का काम किया था।

भ्रष्टाचार में डूबी रही कांग्रेस 5 साल तक ईआरसीपी को राजनीतिक मुद्दा बनाती रही। भजन लाल सरकार ने एक डेढ़ महीने में इसे अमलीजामा पहना दिया। ईआरसीपी इंटिग्रेटेड परियोजना को मूर्त रूप देने का मार्ग प्रशस्त कर दिया। प्रदेश में अगले 5 सालों में पार्वती कालीसिंध चंबल परियोजना को धरातल पर उतार कर 21 जिलों के 3.50 करोड़ लोगों की प्यास बुझाने व 2.80 लाख हेक्टियर भूमि को सिंचित करने का कार्य संपादित होगा।

महात्मा गांधी जी के विचारों को साकार करते हुए नरेंद्र मोदी सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बनाए एवं महिलाओं कों इज्जत देने का काम किया है। महिलाओं की पीड़ा को नरेन्द्र मोदी ने समझा और महात्मा गांधी के विचारों को अडॉप्ट किया। आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने की।

उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस पार्टी का इतिहास उठाकर देखेंगे तो भ्रष्टाचार की चासनी में लिपटा मिलेगा। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे दिल्ली से मैं सरकारी योजनाओं में के लिए 1 रुपया भेजता हूं लेकिन लाभार्थी तक सिर्फ 15 पैसा पहुंचता है। बाकी 85 पैसे भ्रष्टाचार और लूट की भेंट चढ़ जाते हैं। इन हालात को मोदी सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांफर के माध्यम से खत्म किया। बेनीफिट सीधे लाभार्थी के खाते में जा रहे हैं। हमने 51 करोड़ जनधन योजना के माध्यम से लोगों के खाते खोल कर उनको बैंकिंग प्रणाली सिस्टम से जोड़ा। आज हम 1 रुपया भेजते हैं जो पूरा लाभार्थी के खाते में जाता है। ना कोई कमीशन ना कोई लाइन, ना कोई इंतजार।

विश्व की सबसे भीषणतम महामारी कोरोना काल में दुनिया के विकसित देश अमेरिका, चाइना, ब्रिटेन, फ्रांस, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और रशिया सहित अनेक देशों की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था ध्वस्त हो गई। अर्थव्यवस्था नेगेटिव में चली गई। ऐसे समय में मोदी सरकार में बेहतर प्रबंधन किया। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं उच्च स्तर की रहीं। दवाओं, ऑक्सीजन या जांचों की सप्लाई चेन रुकने नहीं दी। जनता की सेवा की, प्रॉपर उपचार मुहैया कराया। अल्पकाल स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण किया और भारत की जनता को 230 करोड़ डोज़ लगाकर उनको जीवन सुरक्षा चक्र प्रदान करने का काम किया। वसुदैव कुटुम्बकम संस्कृति का निर्वहन करते हुए हमने 125 देशों को वैक्सीन देने का काम किया।

विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था को विकसित करने का काम नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है। स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर पर एक लाख करोड रुपए से अधिक खर्च किया। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक का बीमा कवरेज प्रदान किया। राजस्थान के 1.10 करोड़ लोगों समेत देश के 55 करोड़ लोगों को इस बीमा कवर का लाभ मिल रहा है।

कांग्रेस पार्टी किसानों की पार्टी होने का दावा करती रही पर किसान का दर्द समझा ही नहीं। अन्नदाता का दर्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा। साल 2014 में कृषि बजट 22,000 करोड़ था जिसे बढ़ाकर आज 1,25,000 करोड़ कर दिया। यह कुल 5.5 गुना वृद्धि भाजपा सरकार की देन है। साहूकार से कर्ज लेकर प्रारंभिक खेती में पैसा लगाने वाले छोटे किसान को कर्ज से मुक्ति दिलाई। किसान सम्मान निधि के द्वारा 12 करोड़ किसान भाइयों को हमने 6000 रुपए वार्षिक देकर उनको संबल प्रदान करने का काम किया। राजस्थान में भी 80 लाख किसानों को इस योजना का लाभ मिल रहा है।

मोदी सरकार ने फसल उपज को डेढ़ से दो गुना करने का काम किया। साल 2014 में गेहूं की एमएसपी 1400 रुपए प्रति क्विंटल थी आज 2275रुपए प्रति क्विंटल हो गई है। राजस्थान की डबल इंजन सरकार आते ही भजन लाल ने वादे के अनुरूप 125 रुपए का बोनस देते हुए गेहूं की एमएसपी 2400 रुपए प्रति क्विंटल कर दी। चावल 2014 में 1310 रुपए प्रति क्विंटल था वह आज 2175 रुपए प्रति क्विंटल है। बाजरा 1200 से 2500, जौ 1100 से 1850, सरसों 3000
से 5800 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद करने का काम राज्य सरकार कर रही है।

राजस्थान की शान बाजरा ज्वार जो को श्रीअन्न के योजना के तहत जोड़ते हुए मोटे अनाज को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति देने का काम किया है। पूंजीगत बजट 2021 में 5.50 लाख करोड़ था जो आज 10 लाख करोड़ रुपए हो गया है और 2024 के अंतरिम बजट में 10% और बढ़ाकर 11 लाख करोड़ रुपए आधारभूत ढांचे पर खर्च करने का प्रावधान रखा है।

साल 2014 से पहले भारत में 12 किलोमीटर प्रति दिन राष्ट्रीय राजमार्ग बनते थे आज 38 किलोमीटर प्रतिदिन की रफ्तार से बन रहे हैं, इससे रोजगार सृजन, औद्योगिक एवम आर्थिक डेवलपमेंट वहां होगा। वर्ष 2014 से पहले 74 हवाई अड्डे थे जो सिर्फ 10 साल में 80 बनाकर राष्ट्र को समर्पित कर दिए। पहले सात AIIMS थे अब इनकी संख्या 16 हो गई। इसी तरह 7 IIT, 7 IIM दिए, राजस्थान को भी 23 मेडिकल कॉलेज मिले।

20 शहरों में नरेंद्र मोदी सरकार ने मेट्रो सेवाएं देने का काम किया है। 100 स्मार्ट सिटी बनाने का जो संकल्प लिया था उसमें राजस्थान के चार शहर अजमेर, कोटा, उदयपुर, जयपुर शामिल है। ये नरेंद्र मोदी जी की गारंटी है। कांग्रेस की गारंटी वारंटी खत्म हो गई। कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा देकर गरीबों को ही हटा दिया। देश का विकास तो कर नहीं पाए सिर्फ भ्रष्टाचार कर लूट की सरकार चलाई। वंशवाद चलाने और तुष्टीकरण करने वाली कांग्रेस ने देश को पीछे धकेलने का काम किया।

कांग्रेस सरकार ने सिर्फ 6.5 लाख सरकारी नौकरियां दी थी जबकि बीते 10 सालों में मोदी सरकार ने 7.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। नेशनल स्टैटिस्टिकल सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार 5 साल में 14.65 करोड़ लोगों ने पीएफ का अकाउंट खुलवाया है यानी उनको रोजगार मिला साथ ही उनकी सैलरी से ईएसआई पीएफ कट रहा है।

कांग्रेस तो नेहरू के समय से रही सनातन विरोधी

कांग्रेस पार्टी सदैव सनातन विरोधी रही है। प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारते हुए श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा जैसे पावन निमंत्रण को भी अस्वीकार किया। जब सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया जा रहा था तब प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने निमंत्रण को अस्वीकार किया था। आज भारत विकसित राष्ट्र की श्रेणी की तरफ बढ़ रहा है। हम विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो गए है। विकास दर 8% हो गई है। मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटा कर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया है। मुस्लिम महिलाओं का ट्रिपल तलाक से मुक्त कर सम्मान बढ़ाया है।

रामचंद्र चौधरी की मोदी पर टिप्पणी की निंदा

कांग्रेस पार्टी के सांसद प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी की प्रधानमंत्री मोदी के लिए कहे गए अपशब्दों को लेकर गुर्जर ने कहा कि यह उनकी औछी मानसिकता का परिचय है। इससे कांग्रेस पार्टी के संस्कार को उजागर करते है। याद रहे कमल कीचड़ ने खिलता है और राजस्थान की जनता ने तय कर लिया है कि भारत के नए सांसद भवन को राजस्थान के 25 कमलों से सजाएंगे और मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे ताकि भारत विकसित भारत कहलाए।

भजनलाल सरकार की तारीफ के पूल बांधे

राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने पेपरलीक माफियाओं पर कार्यवाही कर 65 से अधिक अपराधियों को जेल भेजने का कार्य किया, आज रसोई गैस सिलेंडर 450 में मिल रहा है, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है। अजमेर को विश्व स्तरीय वंदे भारत ट्रेन मिली, साइंस पार्क, वेस्टर्न डेडीकेटेड कॉरिडोर एवं कई स्थानों पर रेल लाइनों का विकास किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में ज़िला अध्यक्ष रमेश सोनी, महामंत्री संपत सांखला, संभाग प्रभारी हरि ओम वैष्णव, अनीश मोयल, रचित कच्छवा उपस्थित रहे।